रांची-देवघर इंटरसिटी में टिकटों की बुकिंग शुरू, दुमका इंटरसिटी से महंगा होगा सफर
इस ट्रेन का किराया रांची से दुमका जानेवाली इंटरसिटी से ज्यादा तय किया गया है। रांची-दुमका इंटरसिटी की तुलना में सेकेंड सीटिंग का किराया 10 रुपये अधिक है। एसी चेयर कार से धनबाद से देवघर पहुंचने के लिए 500 रुपये से ज्यादा खर्च करने होंगे।

जागरण संवाददाता, धनबाद: सात अप्रैल से चलने वाली रांची-देवघर इंटरसिटी में टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई। इस ट्रेन में यात्रियों को जनरल टिकट पर यात्रा की अनुमति नहीं मिलेगी। सेकेंड सीटिंग और एसी चेयर कार में आरक्षण कराकर सफर करना होगा। इस ट्रेन का किराया रांची से दुमका जानेवाली इंटरसिटी से ज्यादा तय किया गया है। रांची-दुमका इंटरसिटी की तुलना में सेकेंड सीटिंग का किराया 10 रुपये अधिक है। एसी चेयर कार से धनबाद से देवघर पहुंचने के लिए 500 रुपये से ज्यादा खर्च करने होंगे।
381 दिन बाद चलेगी ट्रेन: पिछले साल 22 मार्च को रेलबंदी के पूरे 381 दिनों के बाद रांची-देवघर इंटरसिटी फिर से पटरी पर लौट रही है। इस ट्रेन के चलने से सुबह संताल से धनबाद, बोकारो और रांची पहुंचने के लिए सीधी ट्रेन मिल जाएगी। वापसी में रांची का काम निपटा कर शाम को घर वापसी के लिए भी ट्रेन उपलब्ध रहेगी।
देवघर से आठ अप्रैल से चलेगी ट्रेन: रांची से सात अप्रैल और देवघर से आठ अप्रैल से इंटरसिटी चलेगी। रांची से 30 जून तक और देवघर से एक जुलाई तक इस ट्रेन को चलाने की अनुमति मिली है। बाद में परिस्थिति के अनुसार फेरे बढ़ाए जा सकते हैं।
यात्री बोले, जनरल टिकट पर यात्रा की मिले अनुमति: यात्रियों का कहना है कि धनबाद होकर चलने वाली दूसरी पैसेंजर ट्रेनों की तरह रांची-देवघर इंटरसिटी में जनरल टिकट पर सफर की अनुमति दी जाए। जिस तरह पैसेंजर ट्रेनों में यात्री कोविड प्रोटोकॉल का पालन कर सफर कर रहे हैं। उसी तरह इस ट्रेन में भी मिले। यात्री ज्यादा किराया लिए जाने का भी विरोध कर रहे हैं।
रांची-दुमका इंटरसिटी
सेकेंड सीटिंग - 85 रुपये
स्लीपर - 145 रुपये
रांची-देवघर इंटरसिटी
सेकेंड सीटिंग - 95 रुपये
एसी चेयरकार - 505 रुपये
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।