जागरण संवाददाता, धनबाद। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और झारखंड में पार्टी के प्रभारी आरपीएन सिंह भाजपा में शामिल हो गए हैं। सिंह ने मंगलवार को नई दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ली। भाजपा ने उनका स्वागत यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद माैर्य और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने किया। उनके कांग्रेस छोड़ने और भाजपा में शामिल होने की खबर आने के बाद झारखंड की राजनीति में खलबली मच गई है। वे कांग्रेस के प्रभारी होने के दाैरान झारखंड के पार्टी नेताओं और विधायकों से सीधे संपर्क में थे। उनके दल-बदल पर झारखंड में कांग्रेस और भाजपा के नेता अपनी-अपनी पार्टी लाइन पर बयान दे रहे हैं। भाजपा स्वागत कर रहे हैं तो कांग्रेसी उनके निर्णय को गलत करार दे रहे हैं।
यह उनका व्यक्तिगत निर्णय
झरिया की कांग्रेस विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने कहा है कि आरपीएन सिंह के ट्वीट से उनके कांग्रेस छोड़ने की जानकारी मिली है। यह उनका व्यक्तिगत निर्णय है। इसमें बहुत ज्यादा तो कुछ नहीं कहा जा सकता, लेकिन हो सकता है उन्होंने दूरगामी परिणाम को देखते हुए यह निर्णय लिया है। कांग्रेस झारखंड में मजबूत स्थिति में है और रहेगी। आगे क्या होने वाला है यह तो भविष्य ही तय करेगा। बहुत लोग इसके कई मायने निकाल रहे हैं, कोई सकारात्मक तो कोई नकारात्मक। यह आगे देखने को मिल ही जाएगा।
आरपीएन ने टिकट दिलाने में निभाई थी महत्वपूर्ण भूमिका
झारखंड कांग्रेस प्रभारी की हैसियत से आरपीएन सिंह ने साल 2019 के विधानसभा चुनाव में झरिया विधानसभा क्षेत्र से पूर्णिमा नीरज सिंह को टिकट दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। साथ ही पूर्णिमा की जीत सुनिश्चित करने के लिए वे झरिया में ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ प्रचार करने आए थे।

कांग्रेस नेता संतोष सिंह ने आरपीएन पर बोला हमला
अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सदस्य सह उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में काशीपुर विधानसभा क्षेत्र के कॉर्डिनेटर संतोष कुमार सिंह ने भाजपा में शामिल होने पर आरपीएन सिंह पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है-झारखण्ड कांग्रेस के प्रभारी आरपीएन सिंह कांग्रेसी विचारधारा के नही थे। वे भाजपा में चले गए इससे मैं आश्चर्यचकित नही हूं। अहंकारी आदमी कभी कांग्रेसी हो ही नही सकता है। लोक सभा और विधान सभा चुनाव में टिकट बेचने का काम किया। झारखण्ड में माैज-मस्ती के लिए आते थे। वे हमेशा झारखण्ड की हेमंत सरकार को गिराने के लिए साजिश रचते रहते थे।
- Sangeeta Yadav (@Sangeetayadavup) 25 Jan 2022
- Dr Satish Dwivedi (@drdwivedisatish) 25 Jan 2022
a