धनबाद को जाम से निकालने के लिए खेल चालू आहे, छह महीने में चाैथी बार गया पुल का मरम्मत
हस्ताक्षर अभियान फेसबुक-ट्विटर अभियान के बाद अब प्रधानमंत्री को समस्या से अवगत कराने के लिए पोस्टकार्ड अभियान चलाया जा रहा है। अभी तक 600 पोस्टकार्ड पोस्ट हो चुके हैं। पोस्टकार्ड के जरिए प्रधानमंत्री को बताया जा रहा है कि धनबाद की बड़ी आबादी के लिए फ्लाईओवर क्यों जरूरी है।

जागरण संवाददाता, धनबाद। गया पुल के पास रेलवे अंडर ब्रिज का जाम पूरे धनबाद को परेशान किया रहता है। कई बार तो ऐसी स्थिति हो जाती है कि यहां दो से तीन घंटे तक जाम लग जाता है। बैंक मोड़, झरिया, मटकुरिया केंदुआ, जाने का यही सीधा रास्ता है। जाम होने का सबसे बड़ा कारण रेलवे अंडर ब्रिज के नीचे की सड़क का टूटना है। साल में लगभग आठ महीने यह सड़क टूटी रहती है। इस कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। रेलवे तो ही ध्यान दे ही नहीं रही, हमारे जनप्रतिनिधि भी कुंभकर्णी निद्रा में हैं। पथ निर्माण विभाग भी सड़क पर पैचवर्क कर खानापूर्ति कर लेता है। यही कारण है कि पिछले छह माह में चौथी बार इस सड़क पर पैचवर्क किया जा रहा है। इसके लिए पांच लाख से अधिक खर्च किए जा चुके हैं। इसके बाद भी पैच वर्क सिर्फ कुछ दिनों तक ही चलता है, उसके बाद फिर से वही हालात बन जाते हैं। शुक्रवार की देर रात दो बजे पथ निर्माण विभाग ने गया पुल रेलवे अंडर ब्रिज की टूटी सड़क की मरम्मत का काम शुरू किया। सुबह तक काम तो पूरा कर लिया गया, लेकिन यह सड़क और कितने दिन तक दुरुस्त रहेगी, यह भविष्य के गर्त में है। कुछ दिनों में सड़क टूट जाने पर लोग पथ निर्माण विभाग की कामचोरी को कोसते हैं। हालांकि इसका फर्क विभाग को नहीं पड़ रहा है। पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता दिनेश प्रसाद का कहना है कि रेलवे अंडर ब्रिज के नीचे जलजमाव अक्सर हो जाता है। इस वजह से सड़क टूट जाती है। पैच वर्क का काम बेहतर ढंग से किया गया है। अगले कुछ महीने तक सड़क दुरुस्त रहेगी।
इधर कुछ दिनों से जरूर धनबाद के आम लोगों का मैं हूं धनबाद समूह गया पुल फ्लाईओवर को लेकर आवाज बुलंद किए हुए है। हस्ताक्षर अभियान, फेसबुक-ट्विटर अभियान के बाद अब प्रधानमंत्री को समस्या से अवगत कराने के लिए पोस्टकार्ड अभियान चलाया जा रहा है। 1000 पोस्टकार्ड पोस्ट करने का लक्ष्य है। अभी तक 600 पोस्टकार्ड पोस्ट हो चुके हैं। पोस्टकार्ड के जरिए प्रधानमंत्री को बताया जा रहा है कि धनबाद की बड़ी आबादी के लिए फ्लाईओवर क्यों जरूरी है। गाड़ियों का दबाव बढ़ रहा है। जनसंख्या भी तेजी से बढ़ रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।