Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jharkhand Weather: बंगाल की खाड़ी में फिर लॉ प्रेशर, अचानक बदला मौसम, कई जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी

    By Tapas Banerjee Edited By: Rajesh Kumar
    Updated: Mon, 14 Jul 2025 08:53 AM (IST)

    बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब सक्रिय होने से मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने 16 जुलाई तक धनबाद समेत झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। धनबाद और आसपास के जिलों के लिए येलो अलर्ट बाकी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अगले कुछ दिनों तक तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका है।

    Hero Image
    बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब सक्रिय होने से झारखंड में कई दिनों तक भारी बारिश होगी। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, धनबाद। बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर निम्न दाब सक्रिय हो रहा है। इससे कई दिनों तक भारी बारिश होगी। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने 16 जुलाई तक धनबाद समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    धनबाद, बोकारो, जामताड़ा, गिरिडीह में येलो अलर्ट और अन्य जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ ही बिजली गिरने का भी खतरा है। बारिश की गतिविधियां कम होने से पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 33 डिग्री के आसपास पहुंच गया था। सोमवार से तापमान में चार डिग्री की गिरावट आने की संभावना है।

    इन सिस्टमों के कारण बदला मौसम

    पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा तटों से सटे उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर एक ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा बना है, जो समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दाब का क्षेत्र बनने की संभावना है।

    इसके साथ ही मध्य प्रदेश और उसके आसपास के इलाकों में एक और कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। मानसून की द्रोणिका झारखंड के दक्षिणी भाग से बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इन मौसमी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना है।

    मौसम ने अचानक बदला रंग

    जुलाई के पहले पखवाड़े में अब तक हर दिन बारिश हुई है। रविवार को सुबह से दोपहर तक धूप और उमस ने परेशान किया। दोपहर 12 से 1 बजे के बीच तेज धूप ने अप्रैल-मई जैसा तेवर दिखाया। धूप खिलने से लोग खुश दिखे।

    खासकर महिलाओं ने धूप का स्वागत किया और लंबे समय बाद अपने कपड़े धूप में निकाले। लेकिन धूप ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। दोपहर 2 बजे के बाद मौसम ने रंग बदलना शुरू कर दिया। बादलों की आवाजाही के साथ हल्की फुहारें पड़ने लगीं। रात तक रुक-रुक कर बारिश होती रही।

    अगले पांच दिनों का संभावित तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

    दिन अधिकतम न्यूनतम
    सोमवार 29 25
    मंगलवार 28 25
    बुधवार 29 25
    गुरुवार 30 26
    शुक्रवार 32 26

    यह भी पढ़ें: झारखंड की राजधानी रांची समेत दूसरे जिलों के मौसम का हाल जानने के लिए यहां क्लिक करें।