धनबाद में सरयू राय की पार्टी को झटका, केंद्रीय महासचिव ने दिया इस्तीफा
Dhanbad News सरयू राय की पार्टी भारतीय जनतंत्र मोर्चा को धनबाद में झटका लगा है। मोर्चा के केंद्रीय महासचिव रमेश पांडेय ने इस्तीफा दे दिया है। पांडेय किस पार्टी में जाएंगे अभी खुलासा नहीं किया है। माना जा रहा है कि वे मुख्यधारा की राजनीति की पार्टी में शामिल होंगे।

जागरण संवाददाता, झरिया। भारतीय जनतंत्र मोर्चा के केंद्रीय महासचिव रमेश पांडेय ने पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। पांडेय का इस्तीफा धनबाद में सरयू राय की पार्टी भारतीय जनतंत्र मोर्चा के लिए झटका के समान है। वे धनबाद में पार्टी को मजबूत करने में जुटे थे। अचानक इस्तीफा देकर सबको चाैंका दिया है। पांडेय अब किस पार्टी में जाएंगे अभी खुलासा नहीं किया है। माना जा रहा है कि मुख्यधारा की पार्टी में शामिल होंगे।
निजी व्यस्तता को बताया इस्तीफे का कारण
पांडेय ने पार्टी को भेजे इस्तीफा पत्र में कहा है कि भारतीय जनतंत्र मोर्चा से जुड़कर पिछले डेढ़ वर्षोें से कार्य करता आ रहा हूं। पार्टी ने मुझपर भरोसा जताते हुए केन्द्रीय महासचिव का पद भी दिया था, जिसके कर्तव्यों को मैंने हरसंभव पूरा करने की कोशिश की। लेकिन, विगत कुछ समय से मैं अपनी निजी व्यस्तता की वजह से पार्टी के लिए समय नहीं निकाल पा रहा हूं। चूंकि, मैं पद के साथ न्याय नहीं कर पा रहा हूं, इसलिए पूरे सोच-विचार के बाद स्वेच्छा से पार्टी छोड़ रहा हूं। मैं, भारतीय जनतंत्र मोर्चा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं।
सरयू राय के प्रति जताया आदर भाव
रमेश पांडेय ने कहा है कि भारतीय जनतंत्र मोर्चा में सरयू राय एवं धर्मेंद्र तिवारी के संरक्षण में काफी कुछ सीखने को मिला। उनके प्रति मेरी पूरी श्रद्धा एवं निष्ठा है। भ्रष्टाचार के लिए हमेशा लड़ने वाले राय के प्रति मैं आदर का भाव रखता हूं। लेकिन, मेरी निजी व्यस्तता, पार्टी में बने रहने में, आड़े आ रही है। किसी पद पर रहने का दायित्व होता है कि उसकी जिम्मेवारियों का निर्वहन करूं। मैं अपने काम में लगातार बाहर रह रहा हूं। इसलिए पार्टी को समय नहीं दे पा रहा हूं। इसलिए बिना किसी दवाब में पार्टी छोड़ रहा हूं। भारतीय जनतंत्र मोर्चा से खुद को अलग करने के बाद भी जनसेवा और समाजसेवा के कार्य निरंतर करता रहूंगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।