Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दुबई से आता 'डॉन' का कॉल, धनबाद-बोकारो के बाद अब रांची के कारोबारी से मांगी रंगदारी, झारखंड पुलिस को चुनौती

    Updated: Fri, 19 Sep 2025 10:45 AM (IST)

    कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान दुबई से ऑपरेट कर रहा है और अब उसने रांची के एक नामी कारोबारी से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। इससे पहले वह धनबाद-बोकारो में आतंक फैला चुका है। फायरिंग का वीडियो भेजकर धमकाने की FIR लालपुर थाने में दर्ज हुई है। पुलिस प्रिंस खान उसके भाई गोपी खान और रिश्तेदार ऋतिक को अब तक नहीं पकड़ पाई है।

    Hero Image
    दुबई में बैठा गैंगस्टर प्रिंस खान दे रहा झारखंड पुलिस को चुनौती। (फाइल फोटो)

    जागरण संवाददाता, धनबाद। रंगदारी, गोलीबारी और धमकी के दम पर धनबाद और बोकारो के कारोबारियों में आतंक फैलाने वाला कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान अब अपनी आपराधिक जड़ें राजधानी रांची तक फैला रहा है। धनबाद-बोकारो क्षेत्र में पांच दर्जन से अधिक वारदातों को अंजाम देने के बाद, उसने अब रांची के एक नामी कारोबारी को टारगेट कर सनसनी फैलाने की कोशिश की है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रांची के प्रतिष्ठित कारोबारी को दी धमकी

    मामला लालपुर थाना क्षेत्र का है। यहां के प्रतिष्ठित कारोबारी कृष्ण गोपालका को 15 सितंबर को दुबई से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को प्रिंस खान बताते हुए 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। रकम न देने पर कारोबारी और उनके बेटे को गोली मारने की धमकी दी गई।

    धमकी देने से पहले भारतीय नंबर से भी कॉल और मैसेज भेजे गए थे। जब कारोबारी ने वह नंबर ब्लॉक कर दिया, तो अपराधी ने विदेशी नंबर से कॉल किया और धमकी की गंभीरता साबित करने के लिए फायरिंग का वीडियो और कारोबारी के घर-ऑफिस की निगरानी क्लिप भी भेजी। लालपुर थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।

    धनबाद-बोकारो में पहले से ही है खौफ

    प्रिंस खान गैंग का आतंक धनबाद और बोकारो के लिए नया नहीं है। यहाँ कारोबारी, कोयला ठेकेदार और पेट्रोल पंप मालिक लंबे समय से इनकी धमकियों से परेशान हैं। यह गैंग अब तक कई बार सीधे गोलीबारी कर अपनी ताकत दिखा चुका है, जिसका ताजा उदाहरण राजगंज के पेट्रोल पंप पर हुई फायरिंग है।

    हालांकि धनबाद पुलिस ने गैंग के कुछ सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है और कुर्की की कार्रवाई भी की है, लेकिन मुख्य सरगना प्रिंस खान अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।

    पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल

    सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि प्रिंस खान के द्वारा रंगदारी और धमकी का यह खेल वर्षों से खेला जा रहा है, लेकिन पुलिस उसके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है। जबकि हाल के दिनों में पुलिस एक कुख्यात अपराधी को दूसरे देश से गिरफ्तार कर झारखंड ला चुकी है।

    प्रिंस खान तो दूर, उसे सहयोग करने वाले उसके भाई गोपी खान और रिश्तेदार ऋतिक समेत कई आरोपित अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। लगातार मामलों के बावजूद मुख्य सरगना पर नकेल कसने में पुलिस की नाकामी ही वह वजह है जिसके चलते अब गैंग राजधानी रांची में भी अपना नेटवर्क फैलाने में कामयाब हो रहा है।

    प्रिंस खान का 'मेजर' कनेक्शन और पुलिस की ढीली कार्रवाई

    कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान द्वारा फैलाई जा रही दहशत में सबसे बड़ा रहस्य उसका 'मेजर' कनेक्शन है। प्रिंस अक्सर अपने पत्रों और धमकियों में खुद को या अपने गुर्गों को 'मेजर' के नाम से प्रचारित करता रहा है। धनबाद पुलिस ने प्रिंस खान गैंग के कई 'मेजर' उपनाम वाले अपराधियों को पकड़ा भी है, लेकिन चिंताजनक बात यह है कि हर बार कोई नया 'मेजर' खड़ा हो जाता है। यह रणनीति गैंग के नेटवर्क और पहुंच की गहराई को दर्शाती है, जिससे यह संदेश जाता है कि गैंग कभी खत्म नहीं होगा।

    सूत्रों के अनुसार, कोयलांचल क्षेत्र के कई सफेदपोश भी परोक्ष रूप से प्रिंस खान को सहयोग करते हैं। यह सहयोग उसे पुलिस की कार्रवाई से बचने और अपनी आपराधिक गतिविधियों को जारी रखने में मदद करता है।

    व्यापारियों को लगातार निशाना बनाए जाने, गोलीबारी और अब राजधानी रांची तक रंगदारी की मांग पहुंचने के बावजूद मुख्य सरगना प्रिंस खान का दुबई से बैठकर धंधा चलाना पुलिस की सुस्ती और विफलता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।