Dhanbad News: 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली 200 मीटर चौड़ाई वाली आंधी, 20 मिनट तक तबाही
धनबाद में दोपहर बाद मौसम अचानक बदल गया तेज आंधी और बारिश से गर्मी से राहत मिली। 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चली जिससे पेड़ उखड़ गए बिजली के तार टूट गए और कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। मौसम विभाग ने 11 से 14 मई तक लू का येलो अलर्ट जारी किया है।

जागरण संवाददाता, धनबाद। दोपहर तक तपिश और उमस भरी गर्मी के बाद शहर के मौसम ने एकाएक रंग बदल लिया। मौसम बदलने से गर्मी से राहत मिल गई। पर राहत के साथ आंधी-बारिश आफत भी ले आई। 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली तो सड़कों पर धूल का गुबार उठा।
200 मीटर चौड़़ाई वाली प्रचंड आंधी ने 20 मिनट तक काल बैसाखी का रौद्र रूप दिखाया। शहर के कई हिस्से में सैंकड़ों पेड़ उखड़ गये। पेड़ की टहनियां गिरने से बिजली के तार टूट कर क्षतिग्रस्त हो गये। झुग्गी-झोपड़ी के छप्पड़ उड़ गये तो फुटपाथ दुकानें उजड़ गईं। कई पक्के मकानों की शीशे की खिड़कियां भी क्षतिग्रस्त हुईं। गर्जन और तेज आंधी के साथ बारिश हुई। कहीं-कहीं ओले भी गिरे। मौसम के बदले तेवर से तापमान में गिरावट आ गई। 33 डिग्री पर पहुंचा अधिकतम तापमान गोता लगाकर फिर 30 डिग्री के नीचे चला गया।
काल बैसाखी बंगाल की ओर बढ़ा
मॉनसून के अध्ययनकर्ता एवं भूगर्भशास्त्री डॉ एसपी यादव ने बताया कि काल बैसाखी बोकारो के पास सक्रिय हुआ और धनबाद पहुंच कर बेहद मजबूत हो गया। इसका आकार बहुत बड़ा नहीं था।
लगभग 200 मीटर की चौड़ाई वाले दायरे में काल बैसाखी ने उत्पात मचाया। लगभग 20 मिनट तक रौद्र रूप दिखाने के बाद बंगाल की ओर बढ़ गया। रफ्तार अधिक होने के कारण धनबाद में कम समय तक रहा। 15 अप्रैल से 15 मई के दौरान काल बैसाखी का समय रहता है। इसकी केवल दिशा तय रहती है। पूर्वानुमान लगाना मुश्किल है। तापमान में अचानक अत्यधिक बढ़ोतरी से काल बैसाखी जन्म लेता है।
कहां-कहां पर गिरे पेड़
- सेंट्रल अस्पताल के बाहर गिरा विशालकाय पेड़
- रणधीर वर्मा चौक से सिटी सेंटर तक एक दर्जन से अधिक पेड़ गिरे
- मिश्रित भवन परिसर में भवन प्रमंडल कार्यालय के पास गिरा पेड़
- लुबी सर्कुलर रोड पर डीडीसी आवास के पास गिरा पेड़
- यूनियन क्लब मार्केट के पास पेड़ की टहनियों से बिजली तार क्षतिग्रस्त
- आंबेडकर चौक से बेकारबांध रोड पर कई पेड़ की टहनियां गिरी
11 से 14 तक धनबाद में लू का खतरा, येलो अलर्ट जारी
गुरुवार को आंधी-बारिश से गर्मी का असर कम हो गया। पर आनेवाले दिनों में गर्मी तेवर दिखाएगी। अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक जा सकता है। मौसम विभाग ने 11 से 14 मई तक शहर में हीट वेव यानी उष्ण लहर का येलो अलर्ट जारी किया है। धनबाद के साथ गिरिडीह, जामताड़ा समेत संताल के सभी जिलों में उष्ण लहर का अलर्ट है।
अगले चार दिनों का संभावित तापमान
शुक्रवार 39 24
शनिवार 40 25
रविवार 41 25
सोमवार 42 26
यह भी पढ़ें- Dhanbad News: नए कलेवर में दिखेंगे कतरास, गोमो समेत 15 अमृत भारत स्टेशन; बदलेगा मुखड़ा
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।