DVC: मैथन में घरों में घुस रहे जंगली जीव, अब कांटेदार साही की दस्तक; स्वच्छता और सुरक्षा पर सवाल
मैथन के प्रोफेसर कॉलोनी में एक कांटेदार साही घर में घुस गई, जिससे परिवार भयभीत हो गया। यह घटना डीवीसी ...और पढ़ें
संवाद सूत्र, मैथन (धनबाद)। दामोदर घाटी निगम (DVC) मैथन क्षेत्र में इन दिनों जंगली जीवों का आवासीय क्षेत्र के घरों में घुसना लगातार जारी है। पहले सांप और सियार के बाद अब घरों में कांटेदार साही (Porcupine) के घुसने का मामला सामने आया है।
मैथन के प्रोफेसर कॉलोनी निवासी रामेश्वर चौधरी के घर रविवार की सुबह अचानक एक कांटेदार साही दिखाई दी, जिससे परिवार के लोग भयभीत हो गए। घर के एक कोने में छुपी साही को बाहर निकालने को लेकर घरवाले काफी परेशान रहे।
इसके बाद स्थानीय स्नेक सेवर को बुलाया गया, जिनकी मदद से साही सुरक्षित पकड़ी गई और बाद में जंगल में छोड़ दिया गया।
स्वच्छता और सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने मैथन की सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल ही में डीवीसी प्रबंधन द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा मनाया गया था, जिसमें बड़े-बड़े दावे और तस्वीरें जारी कर आयोजन को सफल बताया गया था।
किंतु धरातल पर स्थिति इसके विपरीत है। मैथन के विभिन्न क्षेत्रों में आज भी भारी मात्रा में झाड़ियां फैली हुई हैं, जिससे कई इलाके बाहर से आने वाले लोगों के लिए जंगल जैसे प्रतीत होते हैं। खासकर मैथन राची कॉलोनी, आजाद नगर, मैथन एरिया छह, मैथन एरिया पांच, डाइक एरिया समेत कई क्षेत्रों में झाड़ियां घनी हो गई हैं।
झाड़ियों की अधिकता के कारण ग्रामीण व जंगली क्षेत्रों से निकलकर खतरनाक और वन्य जीव सीधे लोगों के घरों तक पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यापक स्तर पर सफाई अभियान नहीं चलाया गया, तो इस तरह के जंगली और विषैले जीवों का घरों में घुसना आगे भी जारी रहेगा, जिससे कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
