विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद में जीटी रोड पर बौराई कार ने बाइक को रौंदा, महिला की मौत; तीन घायल

By Anand PathakEdited By: Mritunjay Pathak
Published: Mon, 12 Oct 2026 09:06 AM (GMT+05:30)

धनबाद के बरवाअड्डा में जीटी रोड पर तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे 19 वर्षीय महिला ...और पढ़ें

घटना के बाद जीटी रोड को जाम करते आक्रोशित ग्रामीण। (फोटो जागरण)

घटना के बाद जीटी रोड को जाम करते आक्रोशित ग्रामीण। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. धनबाद के बरवाअड्डा में तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मारी।

  2. हादसे में 19 वर्षीय महिला रौशन प्रवीण की मौके पर मौत हुई।

  3. नशे में धुत चालक ने किया हादसा, ग्रामीणों ने जीटी रोड जाम किया।

संवाद सहयोगी, बरवाअड्डा (धनबाद)। धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर जोड़ापीपल के समीप रविवार को तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार 19 वर्षीय महिला रौशन प्रवीण की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में बाइक चालक समेत दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक नशे में धुत था और तेज गति से वाहन चला रहा था।

जानकारी के अनुसार, कार संख्या जेएच 10 डीजी 7396 राजगंज से धनबाद की ओर जा रही थी। इसी दौरान जोड़ापीपल के पास कार अनियंत्रित हो गई और आगे चल रही बाइक संख्या जेएच 10 डीजे 5940 को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार महिला सड़क पर गिर पड़ी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

एसएनएमएमसीएच में घायलों का चल रहा इलाज

हादसे में बाइक चालक अब्बुसलीम अंसारी (19 वर्ष), रिजवान अंसारी (12 वर्ष) और डेढ़ वर्षीय अफान अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची।

स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच), धनबाद में भर्ती कराया गया। घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि सभी लोग बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के नावाटांड़ के रहने वाले हैं। वे तोपचांची के श्रीरामपुर स्थित रिश्तेदार के घर से बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान जोड़ापीपल के पास हादसा हो गया।

आक्रोशित ग्रामीणों ने जीटी रोड किया जाम

महिला की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने जीटी रोड के सभी लेन को जाम कर दिया और जमकर हंगामा किया। सड़क जाम होने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। देर रात तक जाम के कारण यातायात प्रभावित रहा।

इधर, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को जब्त कर लिया है। बताया गया कि कार में चालक समेत चार लोग सवार थे। पुलिस ने दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

यह भी पढ़ें- धनबाद-बोकारो लाइफलाइन सड़क छह महीने बाद खोलने का निर्णय, छोटे वाहनों को मिली मिलेगी राहत

यह भी पढ़ें- Vedanta Gas Leak: बोकारो प्लांट में गैस रिसाव से धनबाद के युवा अभियंता की मौत, डिगवाडीह में मातम