धनबाद-बोकारो लाइफलाइन सड़क छह महीने बाद खोलने का निर्णय, छोटे वाहनों को मिली मिलेगी राहत
Dhanbad Bokaro Road Reopen: धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क, जो भू-धंसान और गैस रिसाव के कारण छह महीने से बंद थी, सोमवार से छोटे वाहनों के लिए अस्थायी रूप से खुल जाएगी।

केंदुआडीह में धनबाद-बोकारो रोड का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार अन्य। (फोटो जागरण)
HighLights
धनबाद-बोकारो सड़क खोलेन का निर्णय।
भू-धंसान, गैस रिसाव के कारण बंद थी।
छोटे वाहनों को अस्थायी आवागमन की अनुमति।
संवाद सूत्र, केंदुआ (धनबाद)। झारखंड के धनबाद और बोकारो के लिए राहत की खबर है। धनबाद-बोकारो की लाइफ लाइन कही जाने वाली छह महीने से बंद पड़ी सड़क को चालू करने की तैयारी हो गई है।
भू-धंसान और गैस रिसाव के कारण केंदुआ में छह महीने से बंद धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क को सोमवार से छोटे वाहनों के लिए अस्थायी रूप से चालू किया जाएगा।
धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने रविवार शाम को केंदुआडीह थाना और पुराने जीएम बंगले के पास धंसी धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क पर मिट्टी भराई के बाद प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने यह जानकारी दी।
उपायुक्त के साथ वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, नगर निगम आयुक्त आशीष गंगवार, पुटकी बीडीओ विकास आनंद, पीबी एरिया के जीएम जयंत कुमार दास, केंदुआडीह थाना प्रभारी शशिरंजन कुमार, आरसीडी विभाग के अभियंता मिथिलेश प्रसाद सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
उपायुक्त ने बीसीसीएल से ली प्रभावित क्षेत्र की जानकारी
इस दौरान उपायुक्त ने पीबी एरिया के जीएम से प्रभावित क्षेत्र के बारे में जानकारी ली। जीएम ने सड़क किनारे एक स्थान से गैस रिसाव होने की जानकारी देते हुए रिसाव स्थल दिखाया।
इस मौके पर उपायुक्त ने सड़क चालू होने के दौरान बीसीसीएल प्रबंधन को सड़क की देखभाल, निगरानी और पानी का छिड़काव करने का निर्देश दिया। वहीं, आरसीडी विभाग के अभियंता मिथिलेश प्रसाद को सड़क की देखरेख करने और उसे व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया।
इस मौके पर उपायुक्त ने कहा कि दुर्गापूजा और दिवाली जैसे पर्वों को देखते हुए जिले की लाइफलाइन कही जाने वाली धनबाद-बोकारो सड़क को अस्थायी तौर पर चालू करने का निर्णय लिया गया है।
फिलहाल दोपहिया और हल्के चारपहिया वाहन वाहन की अनुमति
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के जनहित के कार्यों को पूरा करने के निर्देश के आलोक में जिले के सांसद और विधायक की पहल के साथ जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता के बार-बार अनुरोध पर जनसुविधा को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
सड़क पर केवल हल्के दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ लोगों के पैदल आवागमन की अनुमति दी गई है। बड़े वाहनों और व्यावसायिक भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने यह भी कहा कि सड़क से अभी खतरा पूरी तरह टला नहीं है। सड़क पर एक स्थान पर दरार है और गैस रिसाव भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल सड़क किनारे किसी भी वाहन को खड़ा करने की अनुमति नहीं है। सड़क किनारे अस्थायी निर्माण, दुकान या ठेला लगाने पर भी प्रतिबंध रहेगा।
उन्होंने कहा कि सड़क के खतरनाक और डेंजर जोन से गुजरने वाले लोग बिना रुके अपनी यात्रा पूरी करते हुए निकल जाएं। खतरे की आशंका को देखते हुए किसी को भी वहां ठहरने या रुकने की अनुमति नहीं होगी।
उपायुक्त ने कहा कि वैज्ञानिकों, बीसीसीएल और आरसीडी विभाग की जांच के बाद विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद खुदाई का कार्य पूरा कर सड़क को अस्थायी तौर पर चालू किया जा रहा है।
पूरी सड़क को एक महीने तक निगरानी में रखकर उसकी स्थिति का आकलन किया जाएगा। एक महीने के ऑब्जर्वेशन के बाद ही सड़क को स्थायी रूप से चालू रखने या बंद करने के संबंध में फैसला लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों से सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील
उपायुक्त ने स्थानीय लोगों से सहयोग करने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति खतरनाक स्थान पर ठहरता या सोता है, तो उसे रोकें अथवा इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या अंचल अधिकारी (सीओ) के कार्यालय को दें।
इस दौरान केंदुआडीह थाना को केंदुआ पुल के पास स्थानांतरित करने के सवाल पर उपायुक्त ने कहा कि फिलहाल टेकओवर और हैंडओवर की समस्या है। हालांकि, केंदुआडीह थाना को जल्द स्थानांतरित करने की कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और लोगों ने बंद सड़क पर आवागमन शुरू कराने के प्रयास के लिए उपायुक्त और अन्य अधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया।
इस मौके पर भाजपा नेता मनोज मालाकार, रवि सिन्हा, राजेश गुप्ता, बालमुकुंद राम, रंजय सिंह, पार्षद प्रतिनिधि गोबिंद राउत, रामगोपाल भुवानियां, मनौव्वर हुसैन और वार्ड संख्या 9 की पार्षद सुनैना पासवान सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
बताते चलें कि केंदुआडीह थाना और पुराने जीएम बंगले के पास 16 अप्रैल को हुए भू-धंसान और गैस रिसाव के कारण धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क पिछले लगभग छह महीने से बंद है। सड़क चालू होने से महीनों से परेशान व्यापारियों और आम लोगों को राहत मिलेगी।
