Vedanta Gas Leak: बोकारो प्लांट में गैस रिसाव से धनबाद के युवा अभियंता की मौत, डिगवाडीह में मातम
Vedanta ESL Steel Plant Accident: बोकारो स्थित वेदांता स्टील प्लांट में गैस रिसाव से दो कर्मियों की मौत हो गई, जिनमें डिगवाडीह निवासी कनीय अभियंता समीर अंसारी भी शामिल हैं।

Bokaro Vedanta Gas Leak: डिगवाडीह का युवा अभियंता समीर अंसारी। (फाइल फोटो)।
संवाद सूत्र, अलकडीहा (धनबाद)। Vedanta ESL Steel Plant Bokaro: बोकारो स्थित वेदांता कंपनी के स्टील प्लांट में रविवार सुबह गैस रिसाव की चपेट में आने से दो कर्मियों की मौत हो गई। मृतकों में एक डिगवाडीह नंबर 10, इसलामपुर बस्ती निवासी मो. नौशाद अंसारी का 24 वर्षीय पुत्र समीर अंसारी था। वह प्लांट में कनीय अभियंता के पद पर कार्यरत था।
पूर्व पार्षद आफताब अंसारी, मो. कयूम अंसारी, मो. अमान, मो. जावेद, मो. मिनहाज और मो. लालो अंसारी सहित मोहल्ले एवं आसपास के दर्जनों लोग घटनास्थल बोकारो पहुंचे। वे प्लांट प्रबंधन की जवाबदेही तय करने और मुआवजे को लेकर प्रबंधन से वार्ता कर रहे हैं।
समीर के पिता नौशाद अंसारी की डिगवाडीह में रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। उन्होंने बताया कि करीब तीन वर्ष दो माह पहले समीर को प्लांट में नौकरी मिली थी। उसकी ड्यूटी रोटेशन के आधार पर होती थी।
रविवार सुबह वह हमेशा की तरह प्रथम पाली की ड्यूटी के लिए सुबह चार बजे घर से निकला था। ड्यूटी के दौरान गैस की चपेट में आने से उसकी मौत होने की सूचना उसके साथियों ने सुबह नौ बजे दी।
मिली जानकारी के अनुसार, प्लांट में काम करने के दौरान समीर और सोहन महतो गैस की चपेट में आ गए थे। घटना के बाद दोनों को तेलगड़िया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। डिगवाडीह निवासी समीर अंसारी की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।
यह भी पढ़ें- अंधेरे में डूबी आठ लेन सड़क हुई रोशन, त्योहारों से पहले शहर की लाइटें दुरुस्त करने में जुटा धनबाद नगर निगम
यह भी पढ़ें- JSSC-CGL पेपर लीक का हब था बोकारो का दुग्दा, एक ही परिवार के तीन सदस्य गिरफ्तार
