अंधेरे में डूबी आठ लेन सड़क हुई रोशन, त्योहारों से पहले शहर की लाइटें दुरुस्त करने में जुटा धनबाद नगर निगम
Dhanbad Municipal Corporation: दुर्गा पूजा सहित आगामी त्योहारों के लिए शहर को तैयार कर रहा है। इसमें स्ट्रीट लाइट मरम्मत, सड़क सुधार, अतिक्रमण हटाना और विशेष स्वच्छता अभियान शामिल हैं।

मरम्मत के बाद आठ लेन रोड पर रोशनी बिखेरती हाई मास्ट लाइट। (फोटो जागरण)
जागरण संवाददाता, धनबाद। अंधेरे में डूबे आठ लेन सड़क नगर निगम की विशेष टीम ने उजला कायम कर दिया। वहीं शहर के अन्य क्षेत्रों को भी तेजी से रौशन करने का काम टीम कर रही है। प्रतिदिन 10 हाई मास्ट लाइट व अन्य लाइटों को दुरूस्त करने का काम 15 टीम की ओर से किया जा रहा है।
शहर में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने और प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और पूजा पंडालों के रास्तों पर लाइटों की मरम्मत और नई लाइटें लगाने का काम भी जारी है।
सड़क एवं मार्ग मरम्मत के लिए वार्ड पर्यवेक्षकों और कनीय अभियंताओं की देखरेख में प्रमुख संपर्क मार्गों का निरीक्षण कर जरूरत के अनुसार गड्ढों की मरम्मत, सड़क समतलीकरण और सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। वहीं तालाबों के सर्वे का भी काम हो गया है।
नगर निगम की ओर से दुर्गा पूजा, दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को लेकर शहर में रोशनी, स्वच्छता, पेयजल और सड़क व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विशेष प्रबंध शुरू किया गया है।
चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान
दुर्गा पूजा से पहले नगर निगम क्षेत्र के प्रमुख इलाकों में अतिक्रमण हटाओ अभियान भी चलाया जाएगा। शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का भ्रमण किया। पंडालों तक पहुंचने वाले सड़क का निरीक्षण भी किया गया।
वहीं दूसरी ओर पूराना बाजार पानी टंकी से लेकर रेलवे फाटक तक अतिक्रमण को लेकर मुनादी कराई गई है। इसका उद्देश्य पूजा के दौरान जाम की समस्या को कम करना और पंडाल निर्माण के कारण रास्तों पर होने वाली परेशानी को रोकना है।
निगम की ओर से ऐसी जगहों को भी चिन्हित किया जा रहा है, जहां पूजा के दौरान लोगों की ज्यादा भीड़ उमड़ती है।
सफाई व्यवस्था पर भी निगम का विशेष जोरदुर्गा पूजा के दौरान सबसे बड़ी चुनौती सफाई व्यवस्था को लेकर होती है। इसे देखते हुए नगर निगम की ओर से सफाई कर्मियों की विशेष टीम तैनात की गई है।
सफाई कर्मियों की दुर्गा पूजा के दौरान ड्यूटी लगाई गई है, ताकि दो पालियों में ज्यादा से ज्यादा सफाई कर्मियों की तैनाती रहे।
पूजा स्थलों व छठ घाटों पर बढ़ेगी निगरानी
पूजा पंडालों, धार्मिक स्थलों, प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए भी टीम का गठन कर दिया गया है।
पर्व के दौरान बढ़ने वाले कचरे के त्वरित उठाव और परिवहन के लिए जरूरत के अनुसार अतिरिक्त वाहन और मानवबल लगाया जाएगा। नगर आयुक्त ने संभावित समस्याओं की पहले से पहचान कर उनका समाधान करने का निर्देश दिया।
यह भी पढ़ें- पटना-धनबाद इंटरसिटी समेत चार ट्रेनों का कुमारधुबी स्टेशन पर ठहराव संभव, ऑपरेशनल व्यवहार्यता की चल रही जांच
यह भी पढ़ें- झारखंड से बिहार जाना होगा आसान, टाटा-बक्सर स्पेशल ट्रेन 13 अक्टूबर से
दुर्गा पूजा व अन्य त्यौहारों को देखते हुए पूजा के दौरान पंडालों और आसपास के इलाकों में साफ-सफाई बनी रहे इसके लिए टीम ने अपना काम शुरू कर दिया है। वहीं स्ट्रीट लाइट व एप्रोच रोड को भी तेजी से दुरूस्त करने का काम किया जा रहा है। अतिक्रमण हटाने का आदेश जारी किया गया है।
