विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झरिया पुनर्वास परियोजना की प्रगति से पीएमओ संतुष्ट नहीं, गति बढ़ाने पर जोर; कोयला सचिव करेंगे समीक्षा

Published: Sun, 29 Nov 2026 06:26 PM (GMT+05:30)

Jharia rehabilitation: प्रधानमंत्री कार्यालय झरिया पुनर्वास परियोजना की धीमी गति से असंतुष्ट है, जिसके चलते नवंबर और दिसंबर में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठकें प्रस्तावित हैं। 

झरिया फायर एरिया में आग एवं भू-धंसान से प्रभावित लोग। (फाइल फोटो)

झरिया फायर एरिया में आग एवं भू-धंसान से प्रभावित लोग। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. झरिया पुनर्वास की धीमी गति पर प्रधानमंत्री कार्यालय की असंतुष्टि।

  2. दिसंबर में पीएम के प्रधान सचिव करेंगे पुनर्वास योजना की समीक्षा।

  3. बेलगड़िया टाउनशिप में 15,080 परिवारों का पुनर्वास 2028 तक लक्ष्य।

जागरण संवाददाता, धनबाद। Jharia Rehabilitation & Development Authority (JRDA): झरिया कोयलांचल में दशकों से जारी भूमिगत आग और भू-धंसान की समस्या से प्रभावित परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास को लेकर केंद्र सरकार गंभीर है।

झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार (JRDA) की कार्ययोजना, अग्नि प्रभावित परिवारों की शिफ्टिंग और पुनर्वास के लिए चल रही आधारभूत संरचना की योजनाओं की निगरानी की गति से प्रधानमंत्री कार्यालय संतुष्ट नहीं है। इस कारण लगातार पूरे मामले की प्रगति पर नजर बनाए हुए है।

इसी कड़ी में 30 नवंबर को कोयला मंत्रालय के सचिव विक्रम देव दत्त की अध्यक्षता में पुनर्वास योजना की समीक्षा प्रस्तावित है। इसके बाद दिसंबर के दूसरे सप्ताह में प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पीके मिश्रा और उनके वरिष्ठ सलाहकार तरुण कपूर पूरी योजना की प्रगति की समीक्षा करेंगे।

इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य केवल अब तक हुए काम का आकलन करना नहीं, बल्कि पुनर्वास की धीमी गति, निविदा प्रक्रिया में आ रही अड़चनें, निर्माणाधीन योजनाओं और प्रभावित परिवारों की शिफ्टिंग में तेजी लाने के लिए जवाबदेही तय करना भी है।

15,080 परिवारों का पुनर्वास, 2028 तक पूरा करना है लक्ष्य

केंद्र सरकार ने 25 जून 2025 को संशोधित झरिया मास्टर प्लान को मंजूरी दी थी। इसके लिए कुल 5,940.47 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

योजना के पहले चरण में 81 सबसे संवेदनशील स्थलों से 15,080 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर बसाया जाना है। इनमें 649 बीसीसीएल परिवार, 1,130 रैयत (एलटीएच) और 13,301 गैर रैयत (नॉन एलटीएच) परिवार शामिल हैं। इस चरण का लक्ष्य दिसंबर 2028 तक पूरा करना है।

बेलगड़िया टाउनशिप में पहले से बने विस्थापित आवासों को बेहतर बनाने के लिए भी बड़े स्तर पर काम प्रस्तावित है। इसके लिए जेआरडीए ने फेज-1, फेज-2 और फेज-3 के आवासों के उन्नयन की निविदा जारी की है। इस काम की अनुमानित लागत करीब 82.46 करोड़ रुपये है।

इस परियोजना की गति इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि नए परिवारों को बसाने से पहले पुराने आवासों में पानी, बिजली, सड़क, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करना जरूरी है। केवल मकान आवंटित कर देना पुनर्वास की सफलता नहीं माना जा सकता।

67 करोड़ की सीवरेज योजना में सिंगल टेंडर से अटका काम

बेलगड़िया टाउनशिप में सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए करीब 67 करोड़ रुपये की महत्वपूर्ण योजना है। इसके तहत 5.2 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनाया जाना है।

साथ ही पूरे टाउनशिप में सीवर नेटवर्क बिछाने, प्लांट की स्थापना और संचालन की व्यवस्था भी शामिल है। इस योजना की पहली निविदा 17 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित हुई थी।

इसकी अनुमानित लागत 62.37 करोड़ रुपये थी। लेकिन इसमें केवल एक एजेंसी ने हिस्सा लिया। न्यूनतम प्रतिस्पर्धी निविदाएं नहीं मिलने के कारण 4 नवंबर को इसे रद्द कर दिया गया।

इसके बाद जेआरडीए ने 3 नवंबर की संदर्भ संख्या वाली नई निविदा जारी की, जिसका दूसरा कॉल 7 नवंबर को प्रकाशित हुआ। इसकी अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 रखी गई है। निविदा खुलने की तारीख 2 दिसंबर निर्धारित है।

इस परियोजना में पांच साल का संचालन एवं रखरखाव भी शामिल है। यानी सीवरेज प्लांट का निर्माण ही नहीं, बल्कि उसके व्यवस्थित संचालन की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।

यह परियोजना पुनर्वास के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। हजारों परिवारों को बेलगड़िया में बसाने की योजना है। ऐसे में सीवरेज की स्थायी व्यवस्था नहीं होने पर टाउनशिप में स्वच्छता और जल निकासी की समस्या गंभीर हो सकती है।

पुनर्वास के साथ रोजगार और कौशल विकास पर भी जोर

प्रमुख विकास कार्य एवं अनुमानित लागत

  • फेज-1, 2 और 3 के आवासों का उन्नयन – 82.46 करोड़ रुपये।

  • सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट एवं सीवर नेटवर्क का निर्माण – 62.37 करोड़ रुपये।

  • फेज-4 में स्किल डेवलपमेंट सेंटर का निर्माण – 2.16 करोड़ रुपये।

  • मेगा स्किल डेवलपमेंट सेंटर का निर्माण – 3.71 करोड़ रुपये।

  • आरएसपी कॉलेज का नवीनीकरण एवं उन्नयन – 6 करोड़ रुपये।

  • बेलगड़िया फेज-1 में सड़क एवं पेवर ब्लॉक का निर्माण – 2.90 करोड़ रुपये।

  • फेज-2 और फेज-3 में पीसीसी सड़क का निर्माण – 2.90 करोड़ रुपये।

  • बेलगड़िया में दो सामुदायिक भवनों का निर्माण – 3.60 करोड़ रुपये।

कुल अनुमानित लागत: 166.10 करोड़ रुपये।

यह भी पढ़ें- DMC: जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए नहीं लगाने होंगे चक्कर, जांच के लिए पांच कर्मियों की नियुक्ति

यह भी पढ़ें- जमुई के ठगों के जाल में फंसी धनबाद की महिला, 32 लाख लेने के बाद भी नहीं भरा मन; दो गिरफ्तार


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।