Dhanbad: भौंरा उच्च विद्यालय को प्लस टू का दर्जा देने के लिए लोगों ने की पदयात्रा और प्रदर्शन
भौंरा उच्च विद्यालय को प्लस टू का दर्जा देने के लिए स्थानीय लोगों ने आंदोलन तेज कर दिया है। दर्जनों लोगों ने सोमवार को भौंरा से झरिया तक पदयात्रा की। गाजे-बाजे और तिरंगा झंडा के साथ पदयात्रा में शामिल लोग झरिया अंचल स्थित बीआरसी कार्यालय पहुंचे।
जासं, झरिया-भौंरा : भौंरा उच्च विद्यालय को प्लस टू का दर्जा देने के लिए स्थानीय लोगों ने आंदोलन तेज कर दिया है। दर्जनों लोगों ने सोमवार को भौंरा से झरिया तक पदयात्रा की। गाजे-बाजे और तिरंगा झंडा के साथ पदयात्रा में शामिल लोग झरिया अंचल स्थित बीआरसी कार्यालय पहुंचे। आंदोलन का नेतृत्व पूर्व पार्षद चंदन महतो ने किया। बीआरसी कार्यालय के पास पहुंचकर लोगों ने काफी देर तक धरना देकर प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि भौंरा क्षेत्र में एक भी प्लस टू स्कूल नहीं है। यहां और आसपास के विद्यार्थियों को इसके लिए 15 से 20 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी छात्राओं को उठानी पड़ती है। भौंरा उच्च विद्यालय को प्लस टू का दर्जा दिलाने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी गंभीर नहीं हैं। जल्द भौंरा उच्च विद्यालय को प्लस टू का दर्जा नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान आंदोलनकारियों ने प्रखंड शिक्षा कार्यक्रम पदाधिकारी सुनील सिंह को मांग पत्र सौंपा। मौके पर मौसम महंति, प्रदीप महतो, मनीष महतो, संजय रवानी, योगेंद्र महतो, सरोज शर्मा आदि थे।
मांग पत्र को वरीय अधिकारियों तक भेजा जाएगा : सुनील
झरिया प्रखंड शिक्षा कार्यक्रम के पदाधिकारी सुनील सिंह ने कहा कि भौंरा के आंदोलनकारियों ने उच्च विद्यालय भौंरा को प्लस टू का दर्जा देने के लिए मांग पत्र दिया है। सकारात्मक पहल करते हुए मांग पत्र को धनबाद के वरीय शिक्षा अधिकारियों तक भेजा जाएगा। अंतिम निर्णय वरीय अधिकारी ही लेंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।