'जिसका बेटा नहीं; वह बेटे का दर्द क्या जाने...', धनबाद के सांसद का निरसा के विधायक पर पलटवार, बोले- चोर मचाए शोर
Dhanbad Politics: धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने निरसा विधायक अरूप चटर्जी पर 400 करोड़ के एलिवेटेड फ्लाईओवर का काम रुकवाने और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं।

प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते सांसद ढुलू महतो। (फोटो अमित सिन्हा)
HighLights
सांसद ढुलू महतो ने विधायक अरूप चटर्जी पर लगाए गंभीर आरोप।
निरसा में 400 करोड़ के एलिवेटेड फ्लाईओवर का काम रुका।
कोयला, बालू और अवैध कारोबार को लेकर राजनीतिक घमासान।
जागरण संवाददाता, धनबाद। Dhanbad Politics दिल्ली-कोलकाता जीटी रोड पर धनबाद जिले के निरसा में 400 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे एलिवेटेड फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पिछले डेढ़ महीने से ठप है। स्थानीय विधायक अरूप चटर्जी की चेतावनी के बाद ठेकेदार ने काम बंद कर दिया।
इससे नाराज सांसद ढुलू महतो ने विधायक पर विकास विरोधी होने और कमीशन के लिए काम रुकवाने का आरोप लगाया। इसके बाद सांसद और विधायक के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। दोनों एक-दूसरे पर व्यक्तिगत आरोप भी खुलकर लगा रहे हैं।

सांसद द्वारा विधायक पर रंगदारी का आरोप लगाने के बाद अरूप चटर्जी ने व्यक्तिगत आरोप लगाया। सांसद को कोयला चोर कहा। साथ ही कहा कि सांसद ने अपने बेटे को भी कोयला चोर बना दिया है। इसे लेकर भाजपा सांसद ढुलू महतो ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस कर अरूप चटर्जी पर पलटवार किया।
'जिसका बेटा नहीं, वह बेटे का दर्द क्या जाने।' इसी व्यक्तिगत टिप्पणी के साथ सांसद ढुलू महतो (BJP) ने निरसा के विधायक अरूप चटर्जी (CPIML) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या, लूट और शोषण में लिप्त लोगों के साथ मिलकर क्षेत्र में विकास कार्यों को रोका जा रहा है।
अपने चाचा से मारपीट करने वाला नैतिकता की बात नहीं कर सकता
सांसद ने कहा कि कुछ लोगों का मकसद जनता का नहीं, बल्कि अपना विकास करना है। उन्होंने यह भी कहा कि 'अरूप चटर्जी पुरुलिया से क्या लेकर आए, इसका जवाब जनता देगी।' साथ ही दावा किया कि वर्ष 2029 तक विधायक का राजनीतिक भविष्य समाप्त हो जाएगा। उन्होंने व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा कि 'जो व्यक्ति अपने चाचा सुकेश मुखर्जी के साथ मारपीट कर सकता है, जिसके घर में उसके पिता को शरण लेनी पड़ी और मां को दूसरे के घर जाना पड़ा, वह नैतिकता की बात नहीं कर सकता।'
राज्यसभा चुनाव में 10 करोड़ में खुद को बेच डाला
सांसद ने विधायक पर भ्रष्टाचार और अवैध कारोबार से जुड़े कई गंभीर आरोप लगाए। निरसा क्षेत्र में कोयला, बालू और लॉटरी के अवैध कारोबार में विधायक की प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष संलिप्तता है। अरूप चटर्जी क्षेत्र में होने वाले विभिन्न विकास कार्यों में कमीशन की मांग करते हैं। राज्यसभा चुनाव के दौरान 10 करोड़ रुपये लेने का काम किया गया। पहले भी निरसा की जनता के वोट पर राज्यसभा चुनाव में बेचने का काम किया है।
सेटिंग के लिए कोयला चोरी के खिलाफ आंदोलन
निरसा के विधायक अरूप चटर्जी ने कुछ दिनों पहले कोयला चोरी के खिलाफ आंदोलन किया था। उन्होंने खुद मैथन चेक पोस्ट पर खड़ा होकर ट्रकों को पकड़ने की बात की थी। लेकिन, एक दिन में ही कोयला चोरी का आंदोलन शांत हो गया। इसे लेकर भी सांसद ने विधायक को घेरा। कहा-विधायक कोयला के अवैध कारोबार के विरोध में केवल एक दिन आंदोलन करते हैं और उसके बाद शांत हो जाते हैं। विधायक चोर मचाए शोर वाली कहावत चरितार्थ कर रहे हैं।
ढुलू महतो ने अधिकारियों की पोस्टिंग में भी हस्तक्षेप का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विधायक एमपीएल क्षेत्र में धनबाद के लुबी सर्कुलर रोड स्थित एक व्यक्ति के माध्यम से सप्लाई और ठेके का काम कराते हैं तथा उनकी गाड़ी दिन-रात उस व्यक्ति के घर पर लगी रहती है।
अरूप चटर्जी को बताया भूमिहार विरोधी
सांसद का आरोप था कि विधायक बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारियों की पोस्टिंग में हस्तक्षेप करते हैं और कथित तौर पर कोयला माफिया से पैसे लेकर अपनी पसंद के अधिकारियों की तैनाती कराते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भूमिहार समाज से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को जानबूझकर प्रताड़ित किया जाता है।
यह भी पढ़ें- निरसा में एलिवेटेड फ्लाइओवर के विरोध पर सांसद ढुलू महतो का पलटवार, बोले-अरूप का काम सिर्फ रंगदारी वसूलना
विधायक पर हत्या का मामला दर्ज है और उन पर लोगों के साथ मारपीट करने के भी आरोप हैं। करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की गई है तथा धनबाद और पश्चिम बंगाल में बड़े पैमाने पर निवेश किया गया है।
जमीन हड़प ली, पीड़ित ने की आत्महत्या
सांसद ने राजीव मिश्रा की आत्महत्या का मामला भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सिनेमा हॉल मोड़ स्थित एक बेनामी जमीन पर पहले दूसरे लोगों से कब्जा कराया गया और बाद में उसे स्वयं खरीद लिया गया। कथित प्रताड़ना से परेशान होकर राजीव मिश्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
यह भी पढ़ें- अरूप चटर्जी का सांसद ढुलू महतो पर तीखा हमला, कोयला चोर और अनपढ़ बताया
ढुलू महतो ने यह भी आरोप लगाया कि निरसा बाजार के एक पंजाबी परिवार की मुगमा तथा गोविंदपुर-देवली स्थित जमीन पर जेसीबी चलवाकर मकान और अन्य निर्माण ध्वस्त करा दिए गए। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला यह परिवार आज न्याय की गुहार लगाने को मजबूर है और उसे योजनाबद्ध तरीके से प्रताड़ित किया गया।
जांच कराएं विधायक
प्रेस वार्ता के दौरान झरिया विधायक के उस बयान पर भी सांसद ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें राम मंदिर के नीचे की जमीन खोखली होने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा दावा किया गया है तो उसकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
विधायक आज पीसी कर देंगे जवाब
निरसा विधायक ने इसको लेकर कहा कि सांसद ढुलू महताे की ओर से जिन मामलों को उठाया गया है, उसके बारे में वे बुधवार को सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता कर जानकारी देंगे। बता दें कि सोमवार को अरूप चटर्जी ने धनबाद सांसद को घेरते हुए कई गंभीर आरोप लगाए थे।
