विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

निरसा में एलिवेटेड फ्लाइओवर के विरोध पर सांसद ढुलू महतो का पलटवार, बोले-अरूप का काम सिर्फ रंगदारी वसूलना

Published: Sat, 27 Jun 2026 07:40 PM (IST)

धनबाद के निरसा में एलिवेटेड फ्लाइओवर निर्माण को लेकर भाजपा सांसद ढुल्लु महतो और विधायक अरूप चटर्जी के बीच राजनीतिक टकराव बढ़ गया है।

सांसद ढुलू महतो और विधायक अरूप चटर्जी।(फाइल फोटो)

सांसद ढुलू महतो और विधायक अरूप चटर्जी।(फाइल फोटो)

HighLights

  1. निरसा फ्लाइओवर पर सांसद-विधायक में राजनीतिक टकराव।

  2. ढुल्लु महतो ने विधायक पर विकास रोकने का आरोप लगाया।

  3. अरूप चटर्जी पर रंगदारी वसूलने का भी आरोप लगाया।

जागरण संवाददाता, धनबाद। दिल्ली-कोलकाता जीटी रोड पर निरसा क्षेत्र में एलिवेटेड फ्लाइओवर निर्माण को लेकर जारी विवाद अब राजनीतिक टकराव का रूप ले चुका है। परियोजना के श्रेय को लेकर चल रही खींचतान के बीच भाजपा सांसद ढुल्लु महतो ने क्षेत्र के विधायक अरूप चटर्जी पर गंभीर और तीखे आरोप लगाए हैं।

सांसद ढुल्लु महतो ने कहा कि निरसा विधायक अरूप चटर्जी केवल राजनीतिक लाभ के लिए काम कर रहे हैं और उन्हें क्षेत्र के विकास से कोई वास्तविक सरोकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों में बाधा डालने की कोशिश की जा रही है, जो पूरी तरह गलत और कानून के खिलाफ है।

ढुल्लु महतो ने अपने बयान में कहा कि अनुकंपा पर विधायक बने लोगों को जनता की समस्याओं और विकास कार्यों की समझ नहीं होती। उन्होंने विधायक अरूप चटर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे विकास के प्रति गंभीर नहीं हैं और केवल व्यक्तिगत हितों की राजनीति कर रहे हैं।

सांसद ने उन्हें “फर्जी आदमी” तक करार दिया और कहा कि उनके पास विकास कार्यों से जुड़ी कोई ठोस भूमिका नहीं रही है। रंगदारी वसूली का काम है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति या जनप्रतिनिधि सरकारी विकास कार्यों में बाधा डालता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सांसद ने आगे कहा कि धनबाद में कई विकास परियोजनाओं पर कार्य जारी है, जिनमें एयरपोर्ट और चिड़ियाघर (जू) जैसी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने राज्य सरकार से आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि सहयोग मिलने पर विकास कार्यों की गति और तेज की जा सकती है। इधर, निरसा में एलिवेटेड फ्लाइओवर को लेकर श्रेय की राजनीति लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक तनाव भी बढ़ गया है।

भाकपा माले विधायक अरूप चटर्जी ने कहा था कि प्रस्तावित एलीवेटेड रोड निर्माण में सांसद ढुलू महतो की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने कहा है कि जबतक निर्माण एजेंसी सामने नहीं आती तब तक काम होने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम एलीवेटेड रोड निर्माण के विरोधी नहीं हैं, हम गलत नीतियों का विरोध करते हैं। इसी के बाद भाजपा सांसद ढुलू महतो ने पलटवार किया है।