विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नाना पाटेकर-तनुश्री विवाद का झारखंड कनेक्शन, तत्कालीन CM मधु कोड़ा ने MNS प्रमुख के खिलाफ खोला था मोर्चा

Published: Thu, 08 Oct 2026 03:26 PM (IST)

Nana Patekar के निधन पर तनुश्री दत्ता की प्रतिक्रिया ने उनके पुराने विवाद को फिर से सुर्खियों में ला दिया ...और पढ़ें

मधु कोड़ा, नाना पाटेकर और तनुश्री दत्ता।

मधु कोड़ा, नाना पाटेकर और तनुश्री दत्ता।

HighLights

  1. तनुश्री की नाना पाटेकर के निधन पर प्रतिक्रिया चर्चा में।

  2. 2008 में तनुश्री ने नाना पाटेकर पर अनुचित व्यवहार के आरोप लगाए थे।

  3. तत्कालीन सीएम मधु कोड़ा ने तनुश्री का खुलकर समर्थन किया था।

मृत्युंजय पाठक, धनबाद। झारखंड के जमशेदपुर की बेटी और बॉलीवुड अभिनेत्री तनुश्री दत्ता एक बार फिर सुर्खियों में हैं। वजह हैं दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का निधन। नाना के निधन पर तनुश्री ने इंस्टाग्राम पर जो प्रतिक्रिया दी है, वह सुर्खियों में है।

दोनों के बीच करीब 18 साल पहले शुरू हुआ विवाद वर्ष 2018 में देश के चर्चित #MeToo आंदोलन का बड़ा मुद्दा बना था। लेकिन इस विवाद का एक खास झारखंड कनेक्शन भी है। वर्ष 2008 में जब तनुश्री ने नाना पाटेकर पर गंभीर आरोप लगाए थे, तब तत्कालीन झारखंड मुख्यमंत्री के मधु कोड़ा उनके समर्थन में सामने आए थे।

दरअसल, वर्ष 2008 में फिल्म ‘Horn OK Pleassss’ के एक गाने की शूटिंग के दौरान तनुश्री ने नाना पाटेकर पर अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाया था। तनुश्री ने शूटिंग आगे करने से इनकार कर दिया था।

उस समय फिल्म के निर्देशक, निर्माता और कोरियोग्राफर ने तनुश्री के रुख को गैर-पेशेवर बताया था और बाद में गाने में उनकी जगह राखी सावंत को लिया गया था। नाना पाटेकर ने तनुश्री के आरोपों को खारिज किया था।

विवाद ने तब राजनीतिक रंग ले लिया, जब महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे ने तनुश्री के खिलाफ बयान दिया और फिल्म निर्माताओं से उन्हें काम नहीं देने की बात कही। इसके बाद झारखंड के तत्कालीन मुख्यमंत्री मधु कोड़ा तनुश्री के समर्थन में उतर आए।

कोड़ा ने राज ठाकरे के बयान की आलोचना करते हुए कहा था कि मामले को क्षेत्रीय रंग नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने तनुश्री के मामले को केंद्र और महाराष्ट्र सरकार के समक्ष उठाने की बात भी कही थी। साथ ही मुंबई में रह रहे झारखंड और बिहार के लोगों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया था।

यानी बॉलीवुड का विवाद उस समय मुंबई बनाम झारखंड के भावनात्मक जुड़ाव तक पहुंच गया था। एक तरफ महाराष्ट्र की राजनीति से जुड़े लोग नाना पाटेकर के समर्थन में थे, तो दूसरी ओर झारखंड के तत्कालीन मुख्यमंत्री अपनी राज्य की बेटी तनुश्री के पक्ष में खड़े दिखाई दिए।

करीब 10 साल बाद 2018 में तनुश्री ने एक बार फिर इस पुराने मामले को सार्वजनिक किया। उनके आरोपों के बाद बॉलीवुड में #MeToo अभियान को नई गति मिली। पुलिस ने बाद में मामले में पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने की बात कहते हुए क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की थी। नाना पाटेकर ने आरोपों से लगातार इनकार किया।

अब नाना पाटेकर के निधन के बाद तनुश्री की प्रतिक्रिया फिर चर्चा में है। 8 अक्टूबर को नाना के निधन की खबर पर तनुश्री ने कहा कि उन्होंने खबर सुनी है और फिलहाल वह लखनऊ में अपने काम पर ध्यान देना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि वह सोच रही हैं कि इस पर किस तरह की प्रतिक्रिया देनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने नाना के परिवार के प्रति संवेदना जताई।

तनुश्री की इस प्रतिक्रिया के साथ करीब दो दशक पुरानी वह कहानी भी फिर सामने आ गई है, जिसमें जमशेदपुर की एक अभिनेत्री के समर्थन में झारखंड के तत्कालीन मुख्यमंत्री मधु कोड़ा खुलकर खड़े हुए थे।

यह भी पढ़ें- नाना पाटेकर के निधन पर ये क्या बोल गईं Tanushree Dutta? एक्ट्रेस का शॉकिंग रिएक्शन हुआ वायरल

यह भी पढ़ें- East Central Railway ने मुंबई, पुणे समेत एक दर्जन ट्रेनों की घोषणा की, धनबाद की सीमा से एक भी ट्रेन नहीं गुजरेगी