कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में धनबाद, अभी और सितम ढाएगी सर्दी; पढ़ें-माैसम विभाग का शीतलहर अलर्ट
Cold Wave Alert For Jharkhand 20 दिसंबर को धनबाद समेत पूरे राज्य में भीषण ठंड को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी भी जारी की है। धनबाद बोकारो गिरिडीह जामताड़ा समेत पूरे संताल में न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री के बीच रहेगा।

जागरण संवाददाता,धनबाद। पूरा शहर भीषण ठंड की चपेट में है। रविवार को दिन भर ठंडी हवा चलती रही और शाम में मौसम बेहद सर्द हो गया। बर्फीली हवा के साथ शीतलहरी चली जिससे आम जनजीवन प्रभावित रहा।लोगों ने अलाव जलाकर सर्दी से बचाव की कोशिश की। सोमवार को भी कड़ाके की ठंड रहेगी। मौसम विभाग में न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री के बीच रहने की संभावना जताई है। तापमान में गिरावट से मौसम सर्द रहेगा। सुबह देर तक कोहरा या धुंध छाने के बाद दोपहर में हल्की धूप खिलेगी। हालांकि धूप रहने के बाद भी जाड़ा महसूस होगा। दिन ढलने के साथ ही ठंड बढ़ेगी। रात का तापमान बेहद सर्द होने का अनुमान है।

7 से 8 डिग्री के बीच रहेगा तापमान
20 दिसंबर को धनबाद समेत पूरे राज्य में भीषण ठंड को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी भी जारी की है। धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, जामताड़ा समेत पूरे संताल में न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री के बीच रहेगा। राजधानी रांची समेत कोडरमा, चतरा और राज्य के अन्य जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री पर भी जा सकता है।
पूरे हफ्ते ठंड दिखाएगी तेवर
इस पूरे हफ्ते ठंड अपना तेवर दिखाएगी इस दौरान अधिकतम तापमान 21 से 22 डिग्री के बीच और न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। सुबह कोहरा छाने जैसी स्थिति भी बनी रहेगी। ठंड बढ़ने का कारण पश्चिमी विक्षोभ है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पहाड़ों पर बर्फबारी शुरू हो गई है। पहाड़ों पर बर्फबारी होने से बर्फीली हवाएं इस ओर आ रही है जिससे ठंड बढ़ रही है। इसका असर अगले कई दिनों तक दिख सकता है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।