छह महीने बाद खुली केंदुआ की मुख्य सड़क, धनबाद-बोकारो मार्ग पर वाहनों का परिचालन शुरू
केंदुआ में भू-धंसान और गैस रिसाव के कारण छह महीने से बंद धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क को विधायक राज सिन्हा ने सोमवार को पूजा-अर्चना के बाद खोल दिया।

केंदुआ में बंद सड़क को खोलने के माैके पर फीता काटते धनबाद के विधायक राज सिन्हा और उपस्थित लोग। (फोटो जागरण)
HighLights
केंदुआ में धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क छह महीने बाद खुली।
विधायक राज सिन्हा ने पूजा-अर्चना कर सड़क का उद्घाटन किया।
भू-धंसान और गैस रिसाव के कारण बंद थी सड़क।
संवाद सहयोगी, केंदुआ (धनबाद)। भू-धंसान और गैस रिसाव के कारण छह महीने से बंद केंदुआ में धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क को सोमवार को विधायक राज सिन्हा के उद्घाटन के बाद चालू कर दिया गया। विधायक राज सिन्हा ने इस दौरान पूजा-अर्चना कर नारियल फोड़ा।
इसके बाद फीता काटकर सड़क को आवागमन के लिए खोल दिया। इस मौके पर भाजपा समर्थकों के साथ केंदुआ के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधि, व्यापारी और आम लोग बड़ी संख्या में मौजूद थे।
सड़क चालू होने पर लोगों ने विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया और जिंदाबाद के नारे लगाए। सड़क पर आवागमन शुरू होने से व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में खुशी देखी गई।
विधायक राज सिन्हा ने सड़क पर लगाई गई बैरिकेडिंग हटवाकर वाहनों का परिचालन शुरू कराया। इस मौके पर विधायक राज सिन्हा ने कहा कि आम लोगों की परेशानी और दुर्गापूजा को देखते हुए बंद धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क को चालू कराया गया है।
सड़क खुलने से महीनों से कारोबार और आवागमन को लेकर परेशान क्षेत्र के हजारों व्यवसायियों और आम लोगों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौटी है।
उन्होंने कहा कि सड़क बंद रहने के दौरान व्यवसायियों और आम लोगों की परेशानी को देखते हुए उन्होंने धरना-प्रदर्शन कर आंदोलन किया था। साथ ही जिला प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन को अल्टीमेटम देकर सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने और आवागमन बहाल करने की मांग की थी।
इस कार्य में उन्होंने सांसद और जिले के अन्य जनप्रतिनिधियों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार संबंधित विभागों और बीसीसीएल के बीच समन्वय स्थापित करने का भी प्रयास किया।
विधायक ने कहा कि जब भी वह केंदुआ आते थे, लोगों की आंखों में सड़क चालू होने की उम्मीद दिखाई देती थी। आज उनकी प्रतीक्षा समाप्त होना और उनके चेहरों पर मुस्कान देखना उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने का वास्तविक अर्थ जनता की समस्याओं को अपनी समस्या समझकर उनके समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करना है। जनता का विश्वास उनकी ताकत है और जनसेवा उनका संकल्प है।
उन्होंने सड़क चालू कराने में सहयोग देने वाले स्थानीय नागरिकों, व्यवसायियों, पार्टी कार्यकर्ताओं, जिला प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान और धनबाद के विकास के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
विधायक सिन्हा ने सड़क चालू कराने के लिए निर्माण कार्य में मशीनों के साथ मेहनत करने वाले खैरा आउट श्रीराम पांडेय, राजकुमार राजभर आदि को गमछा ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मनोज मालाकार, रवि सिन्हा, रंजय सिंह, राजेश गुप्ता, आनंद खंडेलवाल, गीता सिंह, केंदुआ चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रंजीत मद्धेशिया, राजेश मद्धेशिया, पार्षद प्रतिनिधि गोविंदा राउत, मंचल चौरसिया आदि उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- धनबाद कोर्ट में आरोपी को पकड़ने पहुंची RPF की टीम पर अधिवक्ता से मारपीट का आरोप, सब-इंस्पेक्टर हिरासत में
यह भी पढ़ें- DVC: मैथन में घरों में घुस रहे जंगली जीव, अब कांटेदार साही की दस्तक; स्वच्छता और सुरक्षा पर सवाल
