धनबाद के भंडारडीह में संदिग्ध परिस्थिति में पति की मौत, पत्नी और बच्ची बेहोश
Dhanbad News: कतरास के भंडारीडीह में किराये के मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में पति मोहम्मद गुलाम की मौत हो गई, जबकि पत्नी और नवजात बच्ची अचेत मिलीं।

अस्पताल में इलाजरत अष्टमी कुमारी। (फोटो जागरण)
HighLights
कतरास में संदिग्ध परिस्थितियों में पति की हुई मौत।
कोयले के चूल्हे से गैस रिसाव का प्राथमिक संदेह।
पत्नी और नवजात बच्ची अस्पताल में भर्ती, अचेत।
संवाददाता, कतरास (धनबाद)। कतरास थाना क्षेत्र के भंडारीडीह में किराये के मकान में संदेहास्पद परिस्थितियों में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी और उनकी नवजात बच्ची अचेत हो गईं। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को कतरास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहां चिकित्सक ने 21 वर्षीय पति मोहम्मद गुलाम को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया। वहीं, पत्नी 20 वर्षीय अष्टमी कुमारी और बच्ची को अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया है। फिलहाल पत्नी बेहोश है।
घटना के संबंध में पड़ोसियों ने बताया कि लक्ष्मी पूजा करने के बाद भोजन कर दंपती एक ही बेड पर सो गए थे। पत्नी के मायके छाताबाद पांच नंबर से उनकी नानी रेखा देवी रात करीब साढ़े 11 बजे भंडारीडीह पहुंचीं। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
रेखा देवी ने बताया कि वह रात में वहीं बाहर सो गईं। सुबह करीब छह बजे दरवाजा खोलने के लिए फिर आवाज लगाई और दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
रेखा देवी के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा। अंदर की स्थिति देखकर सभी भौंचक रह गए। आसपास के लोगों के सहयोग से पुलिस तीनों को अस्पताल ले गई।
रेखा देवी ने बताया कि कमरे के अंदर कोयले वाला चूल्हा जलाकर दंपती सो गए थे। इससे गैस लगने के कारण मौत होने की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने बताया कि डेढ़ साल पहले दोनों ने अपनी मर्जी से शादी की थी। उनकी पांच-छह महीने की एक बच्ची भी है।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि कमरे के अंदर चूल्हा था। प्रथम दृष्टया गैस लगने से घटना होने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी।
यह भी पढ़ें- Dhanbad Diwali Pollution: पहले से ही खराब थी हवा, आतिशबाजी ने बनाया और खतरनाक; AQI 337 के पार
यह भी पढ़ें- Jharkhand Weather Update: गुलाबी ठंड का असर बढ़ा, धनबाद समेत कई जिलों में सुबह-शाम महसूस की जा रही ठिठुरन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।