Dhanbad Diwali Pollution: पहले से ही खराब थी हवा, आतिशबाजी ने बनाया और खतरनाक; AQI 337 के पार
Dhanbad Diwali Pollution: दीपावली की रात धनबाद में पटाखों के कारण वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 337 के पार पहुंच गया, जिससे हवा जहरीली हो गई।

धनबाद में दीपावली के बाद हवा की बिगड़ी सेहत।
HighLights
दिवाली रात धनबाद का AQI 337 तक पहुंचा।
रात 8-11 बजे के बीच सर्वाधिक पटाखे फोड़े गए।
बैंक मोड़ में ध्वनि स्तर 100 डेसिबल से अधिक।
आशीष सिंह, धनबाद। Dhanbad Pollution:दीपावली के दिन रविवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स 121 दर्ज किया गया, यही रात 11 बजे होते-होते 300 पार कर गया। दिनभर साफ रहा आसमान रात में धुआं धुआं हो गया।
एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) का सामान्य और सुरक्षित स्तर 0 से 50 के बीच माना जाता है। इसे 'अच्छा' (Good) श्रेणी कहा जाता है। इस स्तर पर हवा सांस लेने के लिए सबसे उत्तम और सुरक्षित होती है। हालांकि, धनबाद की हवा पहले से ही खराब है। दीपावली के बाद खतरनाक हो गई है।
धनबाद वासियों ने जमकर पटाखे फोड़े। झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने जो समय सीमा निर्धारित की थी, उसी में सबसे अधिक पटाखे फूटे। रात आठ से 11 बजे तक जमकर आतिशबाजी हुई। धनबाद में दिवाली के धूम धड़ाका का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 20 करोड़ से अधिक के पटाखे जले।
आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से भर गया। दिन में कुछ समय के लिए पटाखे जले, पर शाम सात बजे के बाद यह सिलसिला देर रात एक बजे तक चला। इस दौरान ध्वनि और वायु प्रदूषण का स्तर मानक से काफी अधिक हो गया। पीएम-10 का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 337 पहुंच गया।
सबसे अधिक पटाखे बैंक मोड़ क्षेत्र में फोड़े गए। इसके बाद सरायढेला और नावाडीह क्षेत्र में भी जमकर पटाखे फोड़े गए। बैंक मोड़ में रात आठ से दस बजे के बीच ध्वनि का स्तर 101.4 डेसिबल पहुंचा। हीरापुर में ध्वनि का स्तर 82.46 डेसिबल और बरटांड़ में 79.56 डेसिबल दर्ज हुआ।
सामान्यतः रिहायशी इलाकों में ध्वनि का स्तर दिन में 55 और रात में 45 डेसिबल से अधिक नहीं होना चाहिए। यहां के प्रमुख पटाखा विक्रेताओं युसूफ और सिकंदर के अनुसार धनबाद में दीपावली के अवसर पर लगभग 18 से 20 करोड़ के पटाखों की बिक्री हुई थी।
प्रशासन ने सिर्फ 54 व्यापारियों को ही लाइसेंस दिया था। प्रशासनिक आदेशों की धज्जियां उड़कर जिलेभर में हजारों में पटाखा दुकानें खुली।
मानक से अधिक डेसिबल वाले फूट पटाखे
झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (जेएसपीसीबी) ने 125 डेसिबल से कम ध्वनि और रात 8 से 10:00 के बीच ही 2 घंटे पटाखा फोड़ने की अनुमति दी थी। आठ नवंबर की रात 300 डेसिबल से अधिक क्षमता वाले पटाखे जले। रात आठ से 10 बजे के बीच ही जमकर आतिशबाजी हुई।
हवा में पीएम-10 यानी धूलकण का स्तर 337 एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानक के अनुसार एयर क्वालिटी इंडेक्स 100 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से अधिक नहीं होना चाहिए। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के निर्देश पर इस बार दीपावली से एक सप्ताह पहले से ध्वनि एवं वायु प्रदूषण का स्तर मापा जा रहा है।
जेएसपीसीबी के धनबाद क्षेत्रीय कार्यालय ने सात नवंबर से 15 नवंबर तक ध्वनि प्रदूषण का स्तर मापा जा रहा है। बोर्ड ने दीपावली के साथ ही छठ पर्व और क्रिसमस पर होने वाली आतिशबाजी के लिए समय सीमा निर्धारित की है। दो घंटे, रात आठ से दस बजे तक ही पटाखे फोड़ने की अनुमति है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।