विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

करकेंद हाल्ट को यात्री सुविधाओं का इंतजार, हजारों लोग परेशान

Published: Thu, 12 Nov 2026 10:32 AM (IST)

Dhanbad News: करकेंद हाल्ट पर 15,000 से अधिक यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं जैसे शेड, रोशनी और महिला शौचालय की कमी ...और पढ़ें

गोमो-भागा-आद्रा रेल खंड पर स्थित करकेंद हाल्ट। (फोटो जागरण)

गोमो-भागा-आद्रा रेल खंड पर स्थित करकेंद हाल्ट। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. करकेंद हाल्ट पर यात्री शेड और प्रकाश की कमी।

  2. महिला यात्रियों के लिए शौचालय और संपर्क पथ बदहाल।

  3. 15 हजार से अधिक आबादी को प्रतिदिन हो रही परेशानी।

लव कुमार वर्णवाल, पुटकी (धनबाद)। गोमो-भागा-आद्रा रेल खंड पर स्थित करकेंद हाल्ट पुटकी व करकेंद इलाके के 15 हजार से अधिक आबादी के लिए लाइफलाइन है। धनबाद, गोमो, बोकारो, पुरुलिया व आद्रा की ओर से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए यहां मेमू व सवारी गाड़ी रुकती है।

यहां से इलाके के सैकड़ों विद्यार्थी प्रतिदिन गोमो, महुदा व धनबाद आते-जाते हैं। सुबह के समय हाल्ट पर पैर रखने की जगह नहीं होती। लेकिन एक प्लेटफार्म, पटरी व ट्रेनों को छोड़, हाल्ट पर यात्री सुविधाएं शून्य हैं।

गोमो-खड़गपुर एक्सप्रेस, चक्रधरपुर-गोमो मेमू, आद्रा-खानुडीह मेमू और भागा व गोमो की ओर जाने वाली लोकल सवारी गाड़ियों से यात्रा करने वाले लोग प्रतिदिन जनसुविधाओं के लिए जूझते हैं।

हाल्ट के प्लेटफार्म पर यात्री शेड नहीं है। बरसात के समय लोगों को भींगते हुए ट्रेन से चढ़ना-उतरना पड़ता है। जिससे बुजुर्गों, बच्चों व महिलाओं को परेशानी होती है। यहां प्रकाश का पर्याप्त इंतजाम नहीं है। शाम होते ही प्लेटफार्म पर अंधेरा पसर जाता है। यही कारण है कि रात में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

महिला शौचालय नहीं, संपर्क पथ भी बदहाल

करकेंद हाल्ट से प्रतिदिन काफी संख्या में कामकाजी महिला, शिक्षिका व छात्राएं आवागमन करती हैं। लेकिन हाल्ट पर महिला यात्रियों के लिए शौचालय नहीं है। यही कारण महिलाओं को फजीहत का सामना करना पड़ता है।

रेल यात्रियों की मुसीबत यहीं खत्म नहीं होती। हाल्ट से पुटकी-करकेंद मुख्य सड़क तक पहुंचने वाला संपर्क पथ जर्जर हो चुका है। सड़क किनारे लाइट भी नहीं है। ऐसे में रात के समय ट्रेन से उतरकर घर पहुंचने में असामाजिक तत्वों का खतरा रहता है।

यह भी पढ़ें- भारत-जापान वैज्ञानिक सहयोग को बढ़ावा, IIT ISM Dhanbad की मुस्कान को जापान में रिसर्च फेलोशिप

यह भी पढ़ें- ठंड बढ़ने से पटरी में दरार और टूटने का खतरा, रेलवे ने विंटर पेट्रोलिंग का जारी किया आदेश

हाल्ट से मुख्य सड़क तक जाने वाला रास्ता बदहाल है। बांकुड़ा से आने वाले व्यापारी रात हो जाने पर परेशान होते हैं। मुख्य सड़क तक लाइट की व्यवस्था होनी चाहिए।

-

हीरा शर्मा, व्यापारी, पुटकी

हाल्ट पर महिलाओं के लिए शौचालय नहीं है। घंटों ट्रेन का इंतजार करना पड़े, तो महिला यात्रियों की परेशानी बढ़ जाती है। रेलवे प्रशासन को इस दिशा में पहल करनी चाहिए।

-

सीता हांसदा, दैनिक यात्री, बांकुड़ा

करकेंद हाल्ट पर यात्री शेड नहीं है, बरसात में ट्रेन पकड़ना मुश्किल हो जाता है। रेलवे को यहां से हर महीने राजस्व मिलता है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर कुछ नहीं मिलता।

-

देवाशीष मुखर्जी, व्यवसायी, मुनीडीह

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।