जेटेट में धनबाद के सेंटरों पर 38,525 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, 10,334 रहे अनुपस्थित; अब रिजल्ट का इंतजार
धनबाद जिले के 108 केंद्रों पर झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) 2026 शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कुल 48,859 पंजीकृत ...और पढ़ें

धनबाद में परीक्षा केंद्र से बाह निकलतीं छात्राएं। (फोटो अमित सिन्हा)
HighLights
धनबाद में 108 केंद्रों पर जेटेट 2026 परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न।
कुल 38,525 अभ्यर्थी परीक्षा में हुए शामिल, 10,334 अनुपस्थित।
जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए, उपायुक्त ने किया निरीक्षण।
जागरण संवाददाता, धनबाद। झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची के तत्वावधान में आयोजित झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) 2026 रविवार को धनबाद जिले के सभी 108 केंद्रों पर शांतिपूर्ण संपन्न हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गयी। जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे।
कुछ केंद्रों पर अभ्यर्थियों को बैग अंदर ले जाने से रोकने पर गेट पर तैनात कर्मचारियों और सुरक्षा प्रहरियों के साथ बहस हुई। पीके राय मेमोरियल कालेज में परीक्षा देने आए कुछ अभ्यर्थियों ने पेयजल और शौचालय एवं बैग रखने की सुविधा न मिलने से हुई कठिनाई को लेकर नाराजगी जताई।
छठी से आठवीं कक्षा की परीक्षा में 29,752 अभ्यर्थी उपस्थित
छठी से आठवीं कक्षा के शिक्षकों की पात्रता परीक्षा के लिए जिले में 38,509 अभ्यर्थी निबंधित थे। इनमें से 29,752 ही शामिल हुए, जबकि 8,757 अनुपस्थित रहे। दूसरी ओर, पहली से पांचवीं कक्षा के शिक्षकों की पात्रता परीक्षा में कुल 10,350 अभ्यर्थी निबंधित थे।
इनमें से 8,773 ने परीक्षा दी, जबकि 1,577 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दोनों परीक्षाओं को मिलाकर 48,859 अभ्यर्थी निबंधित थे। इनमें कुल 38,525 अभ्यर्थी उपस्थित हुए और 10,334 अनुपस्थित रहे।
दो पालियों में परीक्षा आयोजित, उपायुक्त ने किया निरीक्षण
जिला प्रशासन की ओर से किए गए पुख्ता सुरक्षा प्रबंधों के बीच परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। प्रथम पाली सुबह 09:30 से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 02:00 से शाम 04:30 बजे तक आयोजित की गई।
उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार एवं अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने एसएसएलएनटी महिला कालेज, बीएसएस महिला कालेज, बीएसएस बालिका उच्च विद्यालय, राजकीय पालिटेक्निक धनबाद, अभय सुंदरी गर्ल्स हाई स्कूल, प्राण जीवन एकेडमी, एसएसएलएनटी सीएम स्कूल आफ एक्सीलेंस, डीएवी प्लस टू हाई स्कूल, खालसा स्कूल बैंक मोड़, उत्क्रमित उच्च विद्यालय लोवाडीह धनबाद सहित जिले के विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था का जायजा लिया।
सीसीटीवी और वीडियोग्राफी से हुई निगरानी
सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच, एकल प्रवेश द्वार, सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गयी थी। प्रश्नपत्रों के वितरण की प्रक्रिया भी पारदर्शी तरीके से पूरी की गयी। परीक्षा नियंत्रण कक्ष से पूरे दिन परीक्षा की गतिविधियों पर नजर रखी गयी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।