पंजाब में मजदूरी करने गए झारखंड के युवक से बर्बरता, सिर फोड़कर स्टेशन पर छोड़ा
Dhanbad News: धनबाद के राजगंज निवासी कार्तिक सिंह को पंजाब में मजदूरी के दौरान बेरहमी से पीटा गया और बेहोशी की हालत में रेलवे स्टेशन पर छोड़ दिया गया। उसे दलाल दिवाली से पहले काम दिलाने के बहाने ले गए थे।

धनबाद के राजगंज स्थित अस्पताल में इलाजरत घायल युवक। (फोटो जागरण)
HighLights
धनबाद के कार्तिक सिंह को पंजाब में पीटा गया।
बेहोश हालत में रेलवे स्टेशन पर छोड़ दिया गया।
दलाल ने बंधक बनाकर जबरन मजदूरी कराई।
संवाद सहयोगी, राजगंज (धनबाद)। पंजाब में मजदूरी करने गए धनबाद जिले के राजगंज की महेशपुर पंचायत के मरचोकोचा निवासी करीब 21 वर्षीय कार्तिक सिंह के साथ मारपीट की गई। उसके सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
मारपीट के बाद उसे पंजाब के एक रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर बेसुध अवस्था में छोड़ दिया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद घायल के गांव के साथी गुड्डू सिंह 26 नवंबर को स्टेशन पहुंचे। तलाश करने पर कार्तिक एक कोने में पड़ा मिला। इसके बाद गुड्डू उसे लेकर 28 नवंबर की देर रात ट्रेन से गोमो स्टेशन पहुंचे। वहां से स्वजन उसे घर ले गए।
कार्तिक कुछ बोलने की स्थिति में नहीं है और न ही ठीक से खड़ा हो पा रहा है। हालत गंभीर देखते हुए उसे स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार, वह डरा-सहमा हुआ है। उसके सिर पर दो टांके लगे हैं।
घायल के भाई चंदू सिंह ने बताया कि दिवाली से दो दिन पहले तथाकथित दलाल गांव के करीब एक दर्जन युवकों को रोजगार दिलाने का झांसा देकर पंजाब ले गए थे। वहां पहुंचने के बाद पंजाब का दलाल उन्हें एक राइस मिल में ले गया। इसके बाद सभी के मोबाइल जब्त कर उन्हें चारदीवारी के अंदर कैद कर दिया गया और दिहाड़ी मजदूरी में लगा दिया गया।
इस बीच कार्तिक की तबीयत खराब हो गई। उसे घर वापस भेजने की कोई पहल नहीं की गई, बल्कि एक कमरे में बंद कर दिया गया। उसके साथ मारपीट की गई। पैर के तलवे पर मारा गया और सिर फोड़ दिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि मरचोकोचा गांव के 20 वर्षीय सूरज हांसदा, 22 वर्षीय दुर्गा मुर्मू, 20 वर्षीय लक्ष्मण सोरेन, राहुल बास्की, 35 वर्षीय संतोष सिंह, तुलसी सिंह, करमा मोहली, अंचू मोहली और करिया मोहली के अलावा महतोटांड़ के रामलाल और बाहा सोरेन सहित बरडार और लक्ष्मणपुर गांव के युवकों को भी पंजाब ले जाया गया है।
कार्तिक की हालत देखकर सभी के स्वजन चिंतित हैं। स्वजन के अनुसार, किसी से संपर्क नहीं हो पा रहा है।
यह भी पढ़ें- झरिया पुनर्वास परियोजना की प्रगति से पीएमओ संतुष्ट नहीं, गति बढ़ाने पर जोर; कोयला सचिव करेंगे समीक्षा
यह भी पढ़ें- DMC: जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए नहीं लगाने होंगे चक्कर, जांच के लिए पांच कर्मियों की नियुक्ति
गांव जाकर मामले की जानकारी ली है। वहां बताया गया कि जरमुनई, महेशपुर और लालचक के युवकों को दलाल के माध्यम से पंजाब ले जाया गया था। दलाल ने इसके एवज में फैक्ट्री प्रबंधन से डेढ़ लाख रुपये लिए हैं, ऐसी बात सामने आई है। स्वजन को इस मामले में थाने में लिखित आवेदन देने को कहा है।
मनोज कुमार महतो, मुखिया, महेशपुर पंचायत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।