झारखंड में 9 अक्टूबर तक गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, दुर्गापूजा में मौसम रहेगा साफ
Jharkhand Weather Update: अक्टूबर की शुरुआत के साथ मानसून की विदाई शुरू हो गई है, जिसके चलते इस सप्ताह झारखंड में गरज के साथ छिटपुट बारिश की संभावना है।

झारखंड से मानसून की हो रही विदाई। (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, धनबाद। अक्टूबर की शुरुआत के साथ ही मानसून की विदाई शुरू हो गई है। लौटते मानसून के बादलों से मौसम एक बार फिर रंग बदल सकता है। इस सप्ताह राज्य के अल-अलग हिस्से में गरज के साथ छिटपुट वर्षा होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, निचले क्षोभमंडल स्तर पर उत्तर पूर्वी बिहार से उत्तर पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक ट्रफ बना हुआ है। इसके प्रभाव से नौ अक्टूबर तक गरज के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है।
सात व आठ को कहीं-कहीं आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना है। 11 अक्टूबर से नवरात्रि शुरू होगी। उससे पहले मौसम साफ हो जाएगा। दुर्गापूजा के दौरान भी मौसफ साफ रहने का अनुमान है।
छह से नौ तक आंधी-गर्जन व वज्रपात का यलो अलर्ट
मौसम केंद्र रांची से जारी पूर्वानुमान में छह से नौ अक्टूबर के दौरान आंधी-गर्जन व वज्रपात का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इस दौरान कुछ स्थानों पर 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज आंधी चलने की संभावना है। वज्रपात का खतरा बना रहेगा।
दिन में धूप-छांव, रात का मौसम सुहाना
अक्टूबर के आगमन के साथ ही रात के मौसम में हल्की ठंडक घुल गई है। दिन में धूप-छांव और रात में सुहाने मौसम का दौर जारी रहेगा।
तापमान में एक-दो दिन स्थिरता बनी रहेगी। उसके बाद धीरे-धीरे और गिरावट के संकेत मिल रहे हैं। न्यूनतम तापमान 35 डिग्री से घट कर 22-23 डिग्री के बीच पहुंच सकता है।
यह भी पढ़ें- धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस के एसी कोच से निकला धुआं, यात्रियों में मची अफरातफरी
यह भी पढ़ें- Sudamdih Mine Disaster: 50 साल बाद भी नहीं भूले 43 खनिकों की शहादत, आंखों में आज भी जिंदा है उस भयावह हादसे का दर्द
