विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 05, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jharkhand Politics: ये क्‍या कह द‍िया रघुवर दास ने... जेएमएम खेमे में मच गई खलबली

By Atul SinghEdited By:
Published: Sun, 05 Jun 2022 10:07 AM (IST)Updated: Sun, 05 Jun 2022 06:40 PM (IST)

झारखंड में सियासी उठापटक जारी है । और इसी आग में रघुवर दास ने भी डालने का काम किया है। ...और पढ़ें

रघुवर दास ने झारखंड की राजनीति में मचा दी खलबली दिए यह संकेत। (फाइल फोटो)
रघुवर दास ने झारखंड की राजनीति में मचा दी खलबली दिए यह संकेत। (फाइल फोटो)

दिलीप सिन्हा, धनबाद : लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव अभी दूर है, लेकिन भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सूबे की सियासत गरमा दी है। मुद्दा झारखंड में समय पूर्व चुनाव की संभावना का बन गया है। इस मुद्दे को लेकर भाजपा एवं झामुमो खुलकर आमने-सामने आ गई है। वरिष्ठ आइएएस अधिकारी पूजा सिंघल के खिलाफ ईडी कार्रवाई समेत अन्य मुद्दों को लेकर पहले से ही भाजपा एवं झामुमो के बीच घमासान मचा हुआ है।

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शुक्रवार को धनबाद में जिला भाजपा कार्यसमिति की बैठक में कहा है कि लोकसभा चुनाव के पहले झारखंड में विधानसभा चुनाव होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इसके लिए तैयार रहने कहा है। रघुवर यहीं नहीं थमे, उन्होंने यहां तक कह डाला कि झारखंड में फिर कभी भी झामुमो की सरकार नहीं बनेगी। रघुवर के इस बयान से झामुमो भड़क गया है। झामुमो के गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने पलटवार करते हुए कहा है कि इसी दंभ ने झारखंड में भाजपा एवं रघुवर दास की लुटिया डुबो दी है। विधायक सोनू ने सवाल किया है कि जब संख्या बल झामुमो के नेतृत्व वाले यूपीए के पास है तो मध्यावधि चुनाव का सपना रघुवर कैसे देख रहे हैं। कहीं ऐसा तो नहीं भाजपा एक बार फिर झारखंड में आपरेशन लोटस व हार्स ट्रेडिंग करने की तैयारी कर रही है। विधायक सोनू ने कहा कि इस वक्त यूपीए के पास भाकपा माले के एक सदस्य को लेकर कुल 48 विधायक हैं। यह आंकड़ा बहुमत से सात अधिक है।

झारखंड की जनता ने चुनाव पूर्व झामुमो, कांग्रेस एवं राजद गठबंधन को पांच साल के लिए जनादेश दिया है। ऐसे में हम तीन या चार साल में चुनाव में क्यों जाएंगे? झारखंड की जनता हमारी सरकार से खुश है या नहीं, यह जनता को ही तय करने दें। जनता का जो भी आदेश होगा, वह मंजूर होगा।

चुनाव दूर, लेकिन कांग्रेस भी कर रही तैयारी 

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सह झारखंड के प्रभारी अविनाश पांडेय ने 2024 के लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव में भाजपा को शिकस्त देने के लिए पूरे सूबे में कांग्रेसियों को पदयात्रा पर निकलने के लिए कहा है। यह पदयात्रा लोकसभा स्तर पर होगी। रांची में आयोजित कार्यशाला में अविनाश पांडेय ने कांग्रेस के नेताओंं को यह टास्क दिया है।झारखंड के सभी जिलों में 11 जून से 14 जून तक कांग्रेस वर्कशाप करेगी। वर्कशाप में मुख्य रूप से पार्टी के जिला संयोजक एवं जिलाध्यक्ष रहेंगे। चुनाव को देखते हुए पार्टी का पूरा फोकस बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं पर है।