झरिया में बिना लाइसेंस चल रहे लड्डू गोदाम पर छापा, प्रतिबंधित रंग के इस्तेमाल की आशंका
खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहारों के मद्देनजर झरिया के इंदिरा चौक स्थित एक मिठाई गोदाम पर छापा मारा। छापेमारी में ...और पढ़ें

गोदाम में पड़े लड्डू को देखते खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डा. राजा कुमार। (फोटो जागरण)
जागरण संवाददाता, झरिया। त्योहारों के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार कर शाम खाद्य सुरक्षा अधिकारी डा. राजा कुमार के नेतृत्व में टीम ने झरिया के इंदिरा चौक स्थित कांटा घर के नीचे एक गोदाम में छापेमारी की।
इस दौरान भारी मात्रा में मोतीचूर के लड्डू और कई बोरी बेसन जब्त किए गए। प्रारंभिक जांच में लड्डुओं में प्रतिबंधित रंग के इस्तेमाल की आशंका जताई गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार गौरव और भूदेव द्वारा गोदाम में बिना लाइसेंस मिठाई बनाने का काम किया जा रहा था।
यहां तैयार मोतीचूर के लड्डू जगदम्बा ब्रांड के नाम पर जिले में बेचे जा रहे थे। छापेमारी के दौरान टीम ने तैयार मिठाइयों के साथ बेसन भी जब्त किया। हालांकि लड्डुओं में इस्तेमाल किए गए रंग और उनकी गुणवत्ता को लेकर अंतिम स्थिति जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डा. राजा कुमार ने बताया कि गोदाम बिना लाइसेंस संचालित किया जा रहा था। जब्त खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे।
रिपोर्ट में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने के कारण खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
यह भी पढ़ें- धनबाद में ऑपरेशन साइबर शील्ड: पांच साइबर अपराधी गिरफ्तार, भारी मात्रा में सामान जब्त
यह भी पढ़ें- ₹50 लाख के 70 नाखून-हड्डी, फर और खाल जब्त; धनबाद में होटल से 3 वन्यजीव तस्कर अरेस्ट
