विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद में ऑपरेशन साइबर शील्ड: पांच साइबर अपराधी गिरफ्तार, भारी मात्रा में सामान जब्त

Published: Fri, 16 Oct 2026 06:46 AM (IST)

Dhanbad Crime News: 'ऑपरेशन साइबर शील्ड' के तहत भालपहाड़ी गांव में छापेमारी कर पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

आपरेशन साइबर शील्ड की जानकारी देते धनबाद के ग्रामीण एसपी मो. याकूब और अन्य पुलिस पदाधिकारी। (फोटो जागरण)

आपरेशन साइबर शील्ड की जानकारी देते धनबाद के ग्रामीण एसपी मो. याकूब और अन्य पुलिस पदाधिकारी। (फोटो जागरण)

जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे आपरेशन साइबर शील्ड के तहत टुंडी थाना क्षेत्र के भालपहाड़ी गांव में छापेमारी कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

इनके पास से तीन लैपटाप, 20 मोबाइल फोन, जिनमें चार आइफोन शामिल हैं, 16 एटीएम कार्ड, 23 बैंक पासबुक और विभिन्न बैंकों के 10 चेकबुक समेत कई सामान बरामद किए गए हैं।

ग्रामीण एसपी एस मो. याकूब ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित संगठित रूप से साइबर अपराध में संलिप्त थे।
जिले में साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर आपरेशन साइबर शील्ड शुरू किया गया है।

इसी क्रम में 17 पुलिस पदाधिकारियों और 80 महिला-पुरुष जवानों की एक विशेष टीम गठित की गई। बुधवार, 14 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली कि भालपहाड़ी गांव में साइबर अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद टीम ने छापेमारी कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

धनबाद, देवघर और कोडरमा के आरोपित

गिरफ्तार आरोपितों में भालपहाड़ी निवासी राजू कुमार मंडल 27 वर्ष अजीत कुमार मंडल 26 वर्ष और उत्तम कुमार मंडल 20 वर्ष शामिल है।

इनके अलावा देवघर जिले के मरगोमुंडा थाना क्षेत्र के गगनपुर निवासी दिलीप कुमार मंडल 29 वर्ष और कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र के पूर्णाडीह निवासी उमेश कुमार राणा 33 वर्ष को गिरफ्तार किया गया है।

पैन-आधार कार्ड और बैंक दस्तावेज भी मिले

पुलिस ने छापेमारी में चार पैन कार्ड, चार आधार कार्ड, एक ई-पास मशीन, तीन आरसी बुक और एक ग्रीन रेमिट कार्ड भी बरामद किया है।

इस मामले में टुंडी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस बरामद मोबाइल, लैपटाप और बैंकिंग दस्तावेजों की जांच कर साइबर अपराध से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।

छापेमारी दल में ये अधिकारी शामिल

छापेमारी दल में निरसा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लिलेश्वर महतो, टुंडी थाना प्रभारी रामजी राय, पंचेत ओपी प्रभारी सुजीत कुमार सिंह, गल्फरबाड़ी ओपी प्रभारी शेखर कुमार, कुमारधुबी ओपी प्रभारी मैथ्यू एक्का, एमपीएल ओपी प्रभारी डा. शिल्पी भगत, बाघमारा महिला थाना प्रभारी सुरबाला भृंगराज और धनबाद महिला थाना प्रभारी बिगन सोय शामिल थे।

इसके अलावा निरसा थाना की महिला पुलिस अवर निरीक्षक वर्षा रानी मिंज, झरिया थाना की अरुनिमा बागे, गोविंदपुर थाना की संगीता रजवार, कालूबथान ओपी के रंजीत कुमार, टुंडी थाना के अघनु मुंडा और सिकंदर हेम्ब्रम, निरसा थाना के अविनाश कुमार, मैथन ओपी के सूरज रजक तथा निरसा थाना के सहायक अवर निरीक्षक मो. इफ्तेखार अहमद भी अभियान में शामिल थे। छापेमारी में महिला एवं पुरुष सशस्त्र बल के जवानों ने भी हिस्सा लिया।

यह भी पढ़ें- ₹50 लाख के 70 नाखून-हड्डी, फर और खाल जब्त; धनबाद में होटल से 3 वन्यजीव तस्कर अरेस्ट

यह भी पढ़ें- BCCL कोयला महंगा होने से ई-ऑक्शन खरीदारों पर बढ़ेगा बोझ, स्टील और स्पंज आयरन उद्योगों की लागत बढ़ने के आसार