दिवाली से पहले झरिया में मिलावटी मिठाइयों पर छापा, 360 किलो खाद्य सामग्री जब्त
दीपावली से पहले झरिया में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक अवैध मिठाई कारखाने पर छापा मारा। छापेमारी में 210 किलो ...और पढ़ें

झरिया में मिठाइयों की जांच करते खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी। (फोटो जागरण)
HighLights
झरिया में अवैध मिठाई कारखाने पर खाद्य विभाग का छापा।
210 किलो रंगीन बताशे, 150 किलो मिलावटी सेवई जब्त।
दीपावली से पहले मिलावट रोकने को बड़ी कार्रवाई।
जागरण संवाददता, झरिया। दीपावली के त्योहार से पहले मिठाइयों और खाद्य सामग्री में मिलावट का खतरा बढ़ गया है। लोगों को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को झरिया में बड़ी कार्रवाई की।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डा. राजा कुमार के नेतृत्व में टीम ने झरिया थाना क्षेत्र के फतेहपुर रोड स्थित दिनेश गुप्ता के कारखाने में औचक छापेमारी की। इस दौरान 210 किलोग्राम रंगीन बताशा और 150 किलोग्राम मिलावटी सेवई बरामद की गई। कुल 360 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त किए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि फतेहपुर गली में अवैध रूप से मिठाई बनाने का कारखाना संचालित किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए टीम ने अचानक छापेमारी की। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों में प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल का मामला सामने आया है।
साथ ही कारखाना बिना वैध लाइसेंस के संचालित पाया गया है। अधिकारियों के अनुसार बरामद रंगीन बताशें दीपावली के अवसर पर बाजार में बिक्री के लिए तैयार किए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि कारखाने से पूरे धनबाद जिले में खाद्य सामग्री की आपूर्ति होती थी। ऐसे में विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि यहां तैयार सामग्री किन दुकानों और बाजारों तक पहुंचाई गई है।
नमूने जांच के लिए रांची भेजे जाएंगे
कार्रवाई के दौरान जब्त 210 किलो रंगीन बताशा और 150 किलो सेवई को एक कमरे में रखकर ताला बंद कर सील कर दिया गया है। खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए रांची भेजे जाएंगे।
जांच रिपोर्ट आने के बाद कारखाना संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा व मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी अभियान में सेफ्टी ऑफिसर चंदन कुमार साव, चंद्रदेव मंजू और नैना कुमार नायक शामिल थे।
यह भी पढ़ें- Dhanbad: कुत्ते की मौत पर छलके आंसू, मोहल्ले ने दी गाजे-बाजे के साथ अंतिम विदाई
यह भी पढ़ें- बिहार-महाराष्ट्र के बीच चलेगी दिवाली-छठ स्पेशल ट्रेन, झारखंड के यात्रियों को भी फायदा, बुकिंग शुरू
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।