Dhanbad: कुत्ते की मौत पर छलके आंसू, मोहल्ले ने दी गाजे-बाजे के साथ अंतिम विदाई
धनबाद के बरमसिया में सियारो नामक कुत्ते की मौत पर पूरा मोहल्ला भावुक हो उठा, जिसने परिवार के सदस्य की ...और पढ़ें

सियारो की अंंतिम विदाई। (एआइ फोटो)
HighLights
सियारो की मौत पर धनबाद का बरमसिया मोहल्ला भावुक।
परिवार के सदस्य की तरह गाजे-बाजे से अंतिम विदाई।
सियारो की याद में 6 नवंबर को भोज का आयोजन।
जागरण संवाददाता, धनबाद। मानव और मूक प्राणियों के बीच प्रेम और अपनापन का रिश्ता कितना गहरा हो सकता है, यह धनबाद के बरमसिया में देखने को मिला। यहां एक कुत्ता रहता था। लोग उसे सियारो कहकर पुकारते थे। उसकी मौत पर पूरा मोहल्ला भावुक हो उठा। कई बच्चे फूट-फूट कर रोए भी।
वर्षों से परिवार के सदस्य की तरह रहने वाले सियारो के निधन पर मोहल्ले के लोगों ने मिलकर पूरे सम्मान के साथ उसका अंतिम संस्कार किया। गाजे-बाजे के साथ उसे अंतिम विदाई दी गई।
उसकी यादों को संजोने के लिए छह नवंबर को मोहल्ले के लोगों की ओर से भोज का आयोजन भी किया जाएगा। स्थानीय निवासी उमेश कुमार ने बताया कि गत 25 अक्टूबर को सियारो की मौत हो गई थी। उसके निधन से मोहल्ले के लोग काफी दुखी हैं। सियारो अपने मिलनसार व्यवहार और स्नेह के कारण सभी के दिलों में खास जगह बना चुका था।
अपने से बिछड़ने जैसा था सियारो का जाना
सियारो की मौत के बाद मोहल्ले के लोगों ने एकजुट होकर सभी के सहयोग से उसके अंतिम संस्कार की व्यवस्था की। लोगों ने उसे अकेला नहीं छोड़ा, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह अंतिम विदाई दी।
गाजे-बाजे के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान लोगों का भावनात्मक जुड़ाव साफ दिखाई दिया। सियारो भले ही अपनी भावनाएं शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकता था, लेकिन अपने साथ और व्यवहार से उसने लोगों के बीच मजबूत रिश्ता बना लिया था।
मोहल्ले वासियों के सहयोग से छह नवंबर को याद में होगा भोज
सियारो की यादों को हमेशा संजोकर रखने के लिए मोहल्ले के लोगों ने छह नवंबर को भोज आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस आयोजन में लोग उसके साथ बिताए गए पलों को याद करेंगे।
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि सियारो उनके बीच परिवार के सदस्य की तरह रहता था। उसके जाने से जो खालीपन आया है, उसे भुलाना आसान नहीं है।
बरमसिया की यह घटना बताती है कि संवेदनाएं और रिश्ते केवल इंसानों तक सीमित नहीं हैं। बेजुबान जानवर भी अपने स्नेह, वफादारी और साथ से इंसानों के दिलों में परिवार जैसी जगह बना लेते हैं।
यह भी पढ़ें- बिहार-महाराष्ट्र के बीच चलेगी दिवाली-छठ स्पेशल ट्रेन, झारखंड के यात्रियों को भी फायदा, बुकिंग शुरू
यह भी पढ़ें- Coal India की विदेश में निवेश की तैयारी, सिंगापुर में बनाई नई सहायक कंपनी; क्रिटिकल मिनरल्स पर फोकस
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।