Coal India की विदेश में निवेश की तैयारी, सिंगापुर में बनाई नई सहायक कंपनी; क्रिटिकल मिनरल्स पर फोकस
Coal India Limited ने सिंगापुर में अपनी नई विदेशी सहायक कंपनी 'सीआईएल ग्लोबल पीटीई लिमिटेड' का गठन किया है। यह ...और पढ़ें

कोलकाता स्थित कोल इंडिया का मुख्यालय। (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, धनबाद। कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) ने अपने कारोबार का अंतरराष्ट्रीय विस्तार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कंपनी ने सिंगापुर में अपनी नई विदेशी सहायक कंपनी सीआइएल ग्लोबल पीटीई लिमिटेड का गठन किया है। इसके माध्यम से कोल इंडिया विदेशों में निवेश और अधिग्रहण के अवसर तलाशेगी।
खास तौर पर क्रिटिकल मिनरल्स यानी महत्वपूर्ण खनिजों से जुड़ी विदेशी परिसंपत्तियों में निवेश और उनके अधिग्रहण पर ध्यान दिया जाएगा। कोल इंडिया से मिली जानकारी के अनुसार, नई कंपनी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कारोबारी अवसरों की पहचान करने और विदेशी निवेश से जुड़ी गतिविधियों के प्रबंधन के लिए एक समर्पित इकाई के रूप में काम करेगी।
इससे कोल इंडिया को विदेशों में उपलब्ध महत्वपूर्ण खनिज संसाधनों तक पहुंच बनाने और संभावित अधिग्रहण के अवसरों का आकलन करने में मदद मिलेगी।
इलेक्ट्रिक वाहन और बैटरी उद्योग पर नजर
क्रिटिकल मिनरल्स का इस्तेमाल इलेक्ट्रिक वाहनों, बैटरी निर्माण, नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रानिक्स और आधुनिक तकनीक से जुड़े उद्योगों में बड़े पैमाने पर होता है।
ऊर्जा संक्रमण और नई तकनीकों के विस्तार के साथ इन खनिजों की मांग बढ़ रही है। ऐसे में वैश्विक स्तर पर इन संसाधनों तक पहुंच बनाना भारत की ऊर्जा सुरक्षा और औद्योगिक विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
कोयला कारोबार से आगे बढ़ने की तैयारी
सीआइएल ग्लोबल के गठन को कोल इंडिया की कारोबार में विविधता लाने की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। कंपनी अपने पारंपरिक कोयला खनन कारोबार के साथ नए क्षेत्रों में भी संभावनाएं तलाश रही है।
विदेशी परिसंपत्तियों में निवेश और अधिग्रहण के जरिए महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में अपनी मौजूदगी बढ़ाना इस रणनीति का अहम हिस्सा है।
यह भी पढ़ें- कोल इंडिया के शुद्ध लाभ में 53% की बढ़ोतरी, Q2 में 6516 करोड़ रुपये का मुनाफा; शेयरधारकों को मिलेगा लाभांश
यह भी पढ़ें- झरिया मास्टर प्लान के जीएम राजीव चोपड़ा का तबादला, कोल इंडिया ने तत्काल प्रभाव से NCL भेजा