झरिया मास्टर प्लान के जीएम राजीव चोपड़ा का तबादला, कोल इंडिया ने तत्काल प्रभाव से NCL भेजा
झरिया मास्टर प्लान को गति देने की कोशिशों के बीच बीसीसीएल के महाप्रबंधक (खनन) राजीव चोपड़ा का अचानक एनसीएल तबादला ...और पढ़ें

झरिया की भूमिगत आग से प्रभावितों के लिए बेलगड़िया में बन रहा आवास।(फाइल फोटो)
HighLights
बीसीसीएल के महाप्रबंधक राजीव चोपड़ा का एनसीएल तबादला।
झरिया मास्टर प्लान की गति के बीच हुआ स्थानांतरण।
कोयला मंत्रालय की नाराजगी से जोड़कर देखा जा रहा।
जागरण संवाददाता, धनबाद। झरिया मास्टर प्लान को गति देने की कवायद के बीच भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के महाप्रबंधक (खनन) राजीव चोपड़ा का अचानक तबादला चर्चा का विषय बन गया है।
कोल इंडिया लिमिटेड ने 27 अक्टूबर को जारी आदेश में उन्हें तत्काल प्रभाव से नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) स्थानांतरित कर दिया है। आदेश के साथ ही उन्हें बीसीसीएल से स्टैंड रिलीज भी कर दिया गया है। अब उन्हें एनसीएल के सीएमडी के समक्ष योगदान देना है।
राजीव चोपड़ा का तबादला ऐसे समय में हुआ है, जब झरिया मास्टर प्लान को लेकर कोयला मंत्रालय लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है। योजना के तहत प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्वास और संबंधित कार्यों को गति देने पर जोर दिया जा रहा है। ऐसे में एक महाप्रबंधक का अचानक स्थानांतरण कई सवाल खड़े कर रहा है।
सूत्रों के अनुसार, झरिया मास्टर प्लान से जुड़े कार्यों की गति अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहने को लेकर कोयला मंत्रालय की ओर से कई बार जवाब-तलब किए जाने और पत्र जारी किए जाने की चर्चा है।
हालांकि, कोल इंडिया के तबादला आदेश में स्थानांतरण का कोई कारण नहीं बताया गया है। ऐसे में इसे मंत्रालय की नाराजगी से जोड़कर देखना फिलहाल अटकलों के दायरे में है। इस घटनाक्रम के बाद बीसीसीएल में प्रशासनिक और परिचालन स्तर पर आगे होने वाले बदलावों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
