विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एसपी हर महीने कमाते हैं 20 करोड़, डीएसपी की सालाना 25 और थानेदार की 5 करोड़: JLKM प्रमुख जयराम महतो का बड़ा आरोप

Published: Sun, 29 Nov 2026 08:23 PM (GMT+05:30)

Jairam Mahto: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के सुप्रीमो जयराम महतो ने धनबाद में कोयला चोरी और अवैध कमाई को लेकर पुलिस-प्रशासन व जनप्रतिनिधियों पर गंभीर आरोप लगाए। 

सभा को संबोधित करते विधायक जयराम महतो। (फोटो जागरण)

सभा को संबोधित करते विधायक जयराम महतो। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. पुलिस-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर कोयला चोरी के आरोप।

  2. थानेदार की 5 तो डीएसपी की सालाना कमाई 25 करोड़।

  3. भ्रष्टाचार के खिलाफ जोरदार आंदोलन की चेतावनी दी।

संवाद सहयोगी, तेतुलमारी (धनबाद)। धनबाद कोयलांचल में कोयला चोरी और कोयले की काली कमाई को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के सुप्रीमो सह डुमरी विधायक जयराम महतो ने पुलिस प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर हमला बोला है।

उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से भरा राज्य है, लेकिन यहां के सांसद, विधायक, मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी लूटने में व्यस्त हैं। उन्हें गरीबों की चिंता नहीं है। सभी जनप्रतिनिधि एक-दूसरे का हक छीनने में लगे हैं।

'सिंह मेंशन ने कोयले के दम पर बनाई अरबों की संपत्ति'

विधायक ने थानेदार से लेकर एसपी तक की कमाई का हिसाब भी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि एसपी की महीने की कमाई 20 करोड़ रुपये है, जबकि डीएसपी की सालाना कमाई 25 करोड़ और थानेदार की सालाना कमाई पांच करोड़ रुपये है।

उन्होंने कहा कि सिंह मेंशन ने कोयले के दम पर अरबों रुपये की संपत्ति बनाई है। बलिया का एक ठेकेदार धनबाद में कोयले की कमाई से रांची में 375 करोड़ रुपये की संपत्ति खरीदता है।

टुंडी विधायक पर साधा निशाना 

उन्होंने कहा कि टुंडी विधायक (मथुरा प्रसाद महतो) कहते हैं कि कोयला चोरी में उनकी संलिप्तता नहीं है, लेकिन वे बलिया के एक ठेकेदार के इशारे पर काम करते हैं। उन्होंने राज्य सरकार से झारखंड आंदोलनकारियों को उचित सम्मान देने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर जोरदार आंदोलन की चेतावनी दी।

ये बातें रविवार को तेतुलमारी के शक्ति चौक स्थित मालिया बागान में जेएलकेएम की ओर से आयोजित जनक्रांति महासभा सह झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान समारोह में पार्टी सुप्रीमो सह विधायक डॉ. जयराम कुमार महतो ने कहीं।

उन्होंने कहा कि यहां पुलिस प्रशासन नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। सभी लूटने में व्यस्त हैं। जनता ने उन्हें विधायक बनाया है और उन्हें जनता का समर्थन प्राप्त है। वह जनता के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं।

उन्होंने टुंडी विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें झारखंड आंदोलनकारियों के बच्चों की कोई चिंता नहीं है। वे अपनी संपत्ति बनाने में लगे हैं। किसी भी मुसीबत में उन्हें याद करने पर वह जरूर आएंगे और दुख-सुख में साथ देंगे।

सांसद भी खनिज संपदा की लूट में शामिल 

सांसद (ढुलू महतो) पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि वे भी खनिज संपदा की लूट में शामिल हैं। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि क्या कोई ऐसा जनप्रतिनिधि है, जो अपने वेतन को जरूरतमंदों के बीच बांट सके? विधायक और मंत्री जब तक अपनी इंसानियत नहीं दिखाएंगे, तब तक झारखंड का विकास संभव नहीं है।

कार्यक्रम के दौरान 150 झारखंड आंदोलनकारियों को अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि अब झारखंड आंदोलनकारियों की लड़ाई वे लड़ेंगे और उन्हें उचित मान-सम्मान दिलाने का काम करेंगे।

कार्यक्रम में दर्जनों लोगों ने पार्टी का दामन थामा। सुप्रीमो डॉ. जयराम महतो ने उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया। सभा की अध्यक्षता हरिप्रसाद महतो ने की, जबकि संचालन लोकनाथ महतो ने किया। मौके पर नरेश कुमार रवानी, एकलाख अंसारी, पूजा महतो, संगीता महतो, मोतीलाल महतो, दीपक रवानी, प्रतिमा कुमारी, रोहन महतो, जलेश्वर महतो, दिलचंद महतो और कृष्ण प्रसाद सिंह आदि मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- रांची-बोकारो मुख्य मार्ग पर तीन वाहनों में भिड़ंत, धनबाद डीडीसी के पैर में लगी चोट

यह भी पढ़ें- पंजाब में मजदूरी करने गए झारखंड के युवक से बर्बरता, सिर फोड़कर स्टेशन पर छोड़ा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।