JAC Exam 2027: मैट्रिक-इंटर के परीक्षा फॉर्म भरने की तारीख जारी, 12 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन
JAC Exam 2027: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने वर्ष 2027 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथियां जारी कर दी हैं।

JAC 10th 12th Exam Application 2027 Dates
जागरण संवाददाता, धनबाद। झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने 2027 में होने वाली वार्षिक मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए परीक्षा आवेदन प्रपत्र भरने की तिथि जारी कर दी है। दोनों परीक्षाओं के लिए 12 नवंबर से आनलाइन प्रक्रिया प्रारंभ होगी। जैक की आधिकारिक वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डाट जैक डाट झारखंड डाट जीओवी डाट इन के माध्यम से आनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
छात्रों की सुविधा के लिए जैक ने परीक्षा आवेदन प्रपत्र का प्रारूप पोर्टल पर अपलोड कर दिया है। भरी हुई जानकारियों का मिलान छात्र से संबंधित एलओएस (लिस्ट आफ स्टूडेंट्स) डाटा से करना है।
किसी भी प्रकार की त्रुटि या छात्र का शैक्षणिक वर्ष बर्बाद होने से बचने के लिए संस्थान प्रपत्र भरते समय छात्रों की सही पंजीयन संख्या का ही उपयोग करें। यहां बता दें कि 2026 में धनबाद से दसवीं में 25824 छात्र और इंटरमीडिएट में 22433 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे। इस बार भी इसी के आसपास संख्या रहने की संभावना शिक्षा विभाग ने जताई है।
मैट्रिक-इंटर परीक्षा आवेदन प्रपत्र के लिए जरूरी निर्देश
- दसवीं के लिए बिना विलंब शुल्क आवेदन करने की तिथि : 12 से 26 नवंबर
- विलंब शुल्क रहित शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि : 30 नवंबर तक
- विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने की तिथि : 27 नवंबर से चार दिसंबर
- विलंब शुल्क के साथ शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि : सात दिसंबर
परीक्षा आवेदन प्रपत्र पोर्टल पर अपलोड
जैक ने स्पष्ट किया है कि ऐसा देखा जाता है कि पोर्टल प्रारंभ होने के बाद छात्रों से परीक्षा आवेदन प्रपत्र भराया जाता है और भरा हुआ परीक्षा आवेदन प्रपत्र छात्रों से प्राप्त करने में विलंब होती है। इस स्थिति में संस्थान काफी हड़बड़ी में पोर्टल पर परीक्षा आवेदन प्रपत्र भरते हैं। इससे कई त्रुटियां सामने आती हैं।
इसीलिए छात्रहित में बोर्ड ने पोर्टल शुरू करने से पहले परीक्षा आवेदन प्रपत्र पोर्टल पर अपलोड किया है। परीक्षा आवेदन प्रपत्र डाउनलोड कर संबंधित छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। परीक्षा आवेदन प्रपत्र छात्रों के पंजीयन संख्या के अनुरूप स्वीकार की जाती है।
कई ऐसे मामलों में देखा गया है कि संस्थान दूसरे छात्र का पंजीयन संख्या पोर्टल में भरकर परीक्षा आवेदन प्रपत्र जमा कर देते हैं। इससे परीक्षा आवेदन प्रपत्र जमा करने वाले वास्तविक छात्र परीक्षा आवेदन प्रपत्र भरने से वंचित हो जाते हैं।
इसका पता परीक्षा के लिए प्रवेशपत्र निर्गत होने के बाद चलता है। परीक्षा आवेदन प्रपत्र भरने के लिए सही-सही पंजीयन संख्या का उपयोग करें।
यह भी पढ़ें- जेटेट में धनबाद के सेंटरों पर 38,525 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, 10,334 रहे अनुपस्थित; अब रिजल्ट का इंतजार
यह भी पढ़ें- IIT (ISM) के छात्र की मौत: प्री-प्लेसमेंट नहीं मिलने से तनाव में होने की बात आई सामने, धनबाद में UD केस दर्ज
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।