IIT (ISM) के छात्र की मौत: प्री-प्लेसमेंट नहीं मिलने से तनाव में होने की बात आई सामने, धनबाद में UD केस दर्ज
IIT (ISM) Dhanbad के एक छात्र की हॉस्टल की छठी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। चाचा के बयान के ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, धनबाद। आइआइटी आइएसएम धनबाद में बीटेक की पढ़ाई कर रहे महाराष्ट्र के एक छात्र की हॉस्टल की छठी मंजिल से गिरकर मौत के मामले में धनबाद थाना में यूडी केस दर्ज किया गया है। घटना के बाद पुलिस ने छात्र के चाचा गोविंद माने का बयान दर्ज किया है।
उन्होंने पुलिस को बताया कि प्री-प्लेसमेंट में सफलता नहीं मिलने के कारण उनका भतीजा पिछले कुछ महीनों से तनाव में था। इसी तनाव में उसने यह कदम उठाया होगा। उन्होंने घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता से इन्कार किया है।
गोविंद माने के अनुसार, 21 अक्टूबर की सुबह करीब 8:30 बजे आइआइटी आइएसएम धनबाद की ओर से फोन कर उन्हें सूचना दी गई कि उनके भतीजे प्रतीक राजकुमार माने के हॉस्टल से गिरने की घटना हुई है। सूचना मिलने के बाद वह धनबाद पहुंचे। यहां एसएनएमएमसीएच में उन्हें पता चला कि प्रतीक की हॉस्टल की छठी मंजिल की बालकनी से गिरने के कारण मौत हो गई है।
महाराष्ट्र के लातूर जिले के उदगीर क्षेत्र का रहने वाला प्रतीक आइआइटी आइएसएम में पेट्रोलियम ब्रांच से बीटेक कर रहा था। चाचा ने बताया कि वह पढ़ाई में काफी मेधावी था, लेकिन प्री-प्लेसमेंट नहीं मिलने के कारण परेशान रहने लगा था।
उसने घरवालों से भी अपनी परेशानी साझा की थी और कहा था कि उससे अब यह सब नहीं हो पा रहा है। पुलिस ने चाचा के बयान के आधार पर अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।