Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Unique Wedding: एयर होस्टेस दुल्हन को ई-रिक्शा से विदाकर ले गए इंडियन आइडल फेम अभिषेक, ऐसे हुई थी मुलाकात

    By MritunjayEdited By:
    Updated: Sat, 13 Jun 2020 10:22 AM (IST)

    थीम आधारित शादी थी। अभिषेक के लिए ई-रिक्शा को आकर्षक ढंग से सजाया गया। अभिषेक थोड़ी दूर के लिए खुद ही रिक्शा चलाकर ले गए। बारातियों के लिए अलग गाड़ी की व्यवस्था की गई।

    Unique Wedding: एयर होस्टेस दुल्हन को ई-रिक्शा से विदाकर ले गए इंडियन आइडल फेम अभिषेक, ऐसे हुई थी मुलाकात

    धनबाद [ आशीष सिंह ]। लॉकडाउन के बीच इस अनूठी शादी का गवाह पूरा धनबाद बना। शादी में भले ही गिनती के चंद बराती शामिल हुए, लेकिन जब बरात निकली तो हर कोई देखता रह गया। इंडियन आइडल फेम गांधी नगर निवासी अभिषेक मिश्रा एयर होस्टेस दुल्हन सिमरन के साथ बुधवार की रात सात फेरे लिए। अपनी दुल्हनिया को लाने टोटो यानी ई-रिक्शा पर सवार होकर शादी रचाने के लिए दूल्हे राजा अपने घर से निकले। शादी के बाद एयर होस्टेस पत्नी को टोटो की सैर कराते हुए अपने घर ले गए। शादी का आयोजन थीम आधारित था। कोरोना वायरस से बचाव के लिए वर पक्ष के लोग लाल तो कन्या पक्ष के लोग गोल्डन कलर के मास्क लगा रहे थे। इस माैके पर कोरोना से बचाव के लिए लाल रंग का मास्क पहने अभिषेक मिश्र ने सामाजिक संदेश देते हुए कहा-खुद को बचाने और सुरक्षित रखने की जरूरत है। हम बचेंगे तो समाज को भी बचाएंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सैनिटाइजर से हुआ बरातियों का स्वागत

    इंडियन आइडल फेम अभिषेक मिश्रा ने अपनी प्रेमिका पटना निवासी सिमरन आनंद से बुधवार की रात शादी रचाई। गांधी नगर स्थित घर से ई-रिक्शा पर सवार होकर बरात के साथ नाचते-गाते अभिषेक चाणक्य नगर स्थित विवाह स्थल पहुंचे। घर पर रीति-रिवाज के बाद बारात विदा की गई। अभिषेक के लिए ई-रिक्शा को आकर्षक ढंग से सजाया गया। अभिषेक थोड़ी दूर के लिए खुद ही रिक्शा चलाकर ले गए। बरातियों के लिए अलग गाड़ी की व्यवस्था की गई। लॉकडाउन की वजह से शादी में सिर्फ 35 लोग शामिल थे। अभिषेक की पत्नी सिमरन आनंद पटना की रहनेवाली हैं। पटना से उसके परिवार के सदस्य दो दिन पहले ही धनबाद पहुंच गए थे।

    मास्क लगाकर जमकर थिरके बराती

    बारातियों ने अपना चेहरा मास्क से ढक रखा था। फिल्मी गीत जैसे ही बजा, खुद को थिरकने से नहीं रोक सके। बारातियों के साथ लड़की वाले भी जमकर थिरके। विवाह स्थल पर पहुंचने के बाद सभी का हाथ सैनिटाइज किया गया। लॉकडाउन की वजह से अभिषेक मिश्रा के दोस्त इसमें शामिल नहीं हो पाए। अभिषेक ने अपनी शादी को पूरी तरह से ऑनलाइन कर दिया। जूम एप के साथ अभिषेक के आधिकारिक इंस्टाग्राम प्रोफाइल से शादी समारोह का लाइव किया जा रहा था।

    जिस कॉलेज से की इंजीनियरिंग वहीं बने मुख्य अतिथि, यहीं सिमरन से हुआ प्यार

    पिछले वर्ष दिसंबर में इंडियन आइडल सीजन-3 के फाइनलिस्ट अभिषेक मिश्रा ने पटना के होटल पाटलिपुत्र कांटिनेंटल में एयर एशिया की एयर होस्टेस सिमरन आनंद के साथ सगाई की थी। लॉकडाउन की वजह से बुधवार को जाकर शादी हुई। अभिषेक ने कई क्षेत्रीय गीतों, विज्ञापनों, धारावाहिकों में गीत गाए हैं। हिंदी फिल्म उद्योग में लगभग सभी के साथ काम किया है। संयुक्त राज्य अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका, चीन, हांगकांग, बांग्लादेश आदि सहित दुनिया भर में 1000 से अधिक लाइव शो कर चुके हैं। उनके बड़े गाने जैसे रेड चिलीज और धर्मा प्रोडक्शंस के साथ जल्द ही आनेवाले हैं। अभिषेक ने सर एमवीआइटी बेंगलुरु से कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की है। दीक्षांत समारोह की प्रस्तुति के 2015 में इसी कॉलेज में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। यहां अभिषेक ने पहली बार सिमरन आनंद को देखा। सिमरन अपनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी और ऑडियंस में बैठी थीं। 2019 में उड़ान के दौरान फ्लाइट में उनकी दूसरी मुलाकात चार साल बाद हुई, जहां वह एयर होस्टेस थीं और यहां से प्रेम परवान चढ़ा। इसके बाद उन्होंने शादी करने का फैसला किया।

    एक माह के अंदर परिजनों को मनाया

    शुरुआत में अंतरजातीय विवाह के कारण थोड़ी दिक्कत हुई। दोनों ने किसी तरह परिवार को एक साथ आने के लिए राजी किया। परिवार एक दूसरे से मिला। भावनाएं समझीं और शादी के लिए तैयार हो गए। अभिषेक और सिमरन कहते हैं कि जाति कभी भी बाधा नहीं होनी चाहिए। प्यार, सम्मान, मानवता और विश्वास किसी भी रिश्ते में सबसे अधिक मायने रखती है। सिमरन का गांव पटेलिया, जिला समस्तीपुर, बिहार में है। पटना में जन्मी और पली बढ़ी, वाइजैग (विशाखापत्तनम) से स्कूली शिक्षा पूरी की। पिछले दो वर्षों से एयर एशिया में बतौर एयर होस्टेस कार्यरत हैं। सिमरन का परिवार पटना के एम्स के पास फुलवारीशरीफ मेंं रहता है।