Coal India: कोयले से बनेगी यूरिया और मेथनॉल, NTPC ने केंद्र को सौंपे दो प्रस्ताव
Coal Gasification Scheme: केंद्र सरकार ने कोयला गैसीकरण को बढ़ावा देने के लिए ₹37,500 करोड़ की प्रोत्साहन योजना का तीसरा ...और पढ़ें

कोयले से यूरिया तथा मेथनॉल बनाने की परियोजना। (सांकेतिक फोटो)
जागरण संवाददाता, धनबाद। Coal Gasification Scheme: कोयले के पारंपरिक इस्तेमाल से आगे बढ़कर उससे खाद, रसायन और ईंधन तैयार करने की दिशा में केंद्र सरकार ने पहल तेज कर दी है।
कोयला गैसीकरण परियोजनाओं को बढ़ावा देने के लिए 37,500 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन योजना के दूसरे चरण में सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम (एनटीपीसी) ने दो प्रस्ताव दिए हैं। इनमें कोयले से यूरिया तथा मेथनॉल और डाइमिथाइल ईथर बनाने की योजना शामिल है।
कोयला मंत्रालय ने ( मंगलवार )10 नवंबर से योजना के तीसरे चरण की शुरुआत कर दी है। इसके तहत पात्र कंपनियां और संस्थाएं कोयला एवं लिग्नाइट गैसीकरण परियोजनाओं के लिए आवेदन कर सकती हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 11 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है।
बीसीसीएल और कोल इंडिया के लिए भी अवसर
गैसीकरण की यह योजना कोल इंडिया लिमिटेड (सीआइएल) और उसकी अनुषंगी कंपनियों, खासकर भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल), के लिए भी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। इस तकनीक से कोयले को सीधे जलाने के बजाय उससे गैस तैयार की जाती है। इस गैस का इस्तेमाल यूरिया, मेथनॉल और दूसरे औद्योगिक उत्पाद बनाने में होता है।
धनबाद के कोयला क्षेत्र के लिए भी यह तकनीक भविष्य में नए औद्योगिक अवसर पैदा कर सकती है। इससे निम्न श्रेणी के कोयले का उपयोग बढ़ाने और कोयले से अधिक मूल्यवान उत्पाद तैयार करने की संभावनाएं विकसित होंगी। हालांकि, फिलहाल बीसीसीएल या कोल इंडिया की किसी परियोजना के आवेदन की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
आयात पर निर्भरता घटाने में मिलेगी मदद
कोयला गैसीकरण से तैयार गैस का उपयोग उर्वरक, रसायन और ईंधन उद्योग में किया जा सकता है। इससे यूरिया और मेथनॉल का घरेलू उत्पादन बढ़ाने तथा आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।
केंद्र सरकार ने वर्ष 2030 तक देश में 10 करोड़ टन कोयला गैसीकरण क्षमता विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। 37,500 करोड़ रुपये की योजना के माध्यम से सरकारी और निजी कंपनियों को इस तकनीक में निवेश के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।