बंगाल में रिलायंस का महा-निवेश प्लान, परमाणु ऊर्जा परियोजना में 2 लाख करोड़ के निवेश की संभावना
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने पश्चिम बंगाल में 2 लाख करोड़ रुपये के परमाणु ऊर्जा परियोजना का प्रस्ताव दिया है, जिसके लिए हरिपुर और नयाचार स्थलों पर विचार किया जा रहा है।

बंगाल में रिलायंस का मेगा निवेश प्लान
HighLights
रिलायंस ने बंगाल में परमाणु ऊर्जा परियोजना स्थापित करने का प्रस्ताव दिया।
परियोजना में अगले 6-7 वर्षों में 2 लाख करोड़ निवेश संभव।
डेटा सेंटर, होटल और कोयला गैसीकरण में भी निवेश की योजना।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में बड़े निवेश की संभावनाओं के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज ने राज्य में परमाणु बिजली परियोजना स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है। बीते बुधवार को राज्य सचिवालय नवान्न में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल के साथ हुई बैठकों में कंपनी के शीर्ष अधिकारियों ने यह प्रस्ताव रखा।
राज्य सरकार के सूत्रों के अनुसार, परियोजना पर अगले 6-7 वर्षों में करीब दो लाख करोड़ रुपये का निवेश संभव है। रिलायंस ने पूर्व मेदिनीपुर जिले के हरिपुर में परियोजना लगाने में विशेष रुचि दिखाई है। वहीं, राज्य सरकार ने स्थानीय विरोध के पुराने अनुभव को देखते हुए हल्दिया के पास नयाचार को वैकल्पिक स्थल के रूप में सुझाया है।
हरिपुर में पहले भी प्रस्तावित था परमाणु संयंत्र
रिलायंस का प्रस्ताव ऐसे समय आया है, जब हरिपुर में करीब 15 वर्ष पहले परमाणु ऊर्जा निगम लिमिटेड (एनपीसीआईएल) की 1,000 मेगावाट की परमाणु परियोजना प्रस्तावित थी। इस परियोजना में रूस के तकनीकी सहयोग की योजना थी।
स्थानीय मछुआरों और ग्रामीणों के विरोध के बाद तत्कालीन तृणमूल सरकार ने अगस्त 2011 में परियोजना को रद कर दिया था। एनपीसीआईएल के दस्तावेजों के अनुसार, हरिपुर स्थल के लिए 6 गुणा 1,000 मेगावाट की परमाणु परियोजना को अक्टूबर 2009 में सैद्धांतिक मंजूरी दी गई थी।
राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, हरिपुर में पहले से एनपीसीआईएल के लिए करीब 2,000 एकड़ भूमि चिह्नित की जा चुकी थी और स्थल से संबंधित विभिन्न सर्वेक्षण भी किए गए थे। ऐसे में उसी स्थल पर नई परियोजना के लिए कुछ प्रक्रियाएं अपेक्षाकृत आसान हो सकती हैं।
हालांकि, पुराने स्थानीय विरोध को देखते हुए सरकार नयाचार को भी विकल्प के रूप में देख रही है। रिलायंस की प्राथमिकता फिलहाल हरिपुर बताई गई है।
होटल और कोयला गैसीकरण में भी निवेश
रिलायंस ने परमाणु परियोजना के अलावा बंगाल में कई अन्य क्षेत्रों में निवेश का प्रस्ताव दिया है। कंपनी को कोलकाता से सटे न्यूटाउन में 40 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। सूत्रों के अनुसार, कंपनी अगले तीन महीनों में इसमें से 15 एकड़ हिस्से पर डाटा सेंटर से संबंधित काम पूरा करने की तैयारी में है।
पूरे डाटा सेंटर का काम अगले वर्ष जून तक पूरा करने का लक्ष्य बताया गया है। यह एआइ आधारित अत्याधुनिक सुविधा होगी, जिसकी तुलना गुजरात के जामनगर में विकसित किए जा रहे केंद्र से की गई है।
कंपनी ने कोलकाता, उत्तर बंगाल के पहाड़ी क्षेत्र और सुंदरबन में होटल विकसित करने में भी रुचि दिखाई है। सरकार का मानना है कि उत्तर बंगाल और सुंदरबन में उच्च गुणवत्ता वाले होटल बनने से पर्यटन को बढ़ावा मिल सकता है।
इसके अलावा रिलायंस ने कोयला गैसीकरण क्षेत्र में भी निवेश की इच्छा जताई है। राज्य सरकार के अधिकारियों के अनुसार, देवचा-पचामी परियोजना क्षेत्र के करीब 30 प्रतिशत हिस्से में कोयला गैसीकरण की संभावनाओं पर पहले विचार किया गया था। बंगाल के पश्चिमी हिस्सों में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की परित्यक्त कोयला खदानों में भी इस तकनीक के इस्तेमाल की संभावना तलाशी जा सकती है।
सीएमशुभेंदु ने मुकेश अंबानी से की थी मुलाकात
बता दें कि रिलायंस समूह का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को पहले मुख्य सचिव के साथ करीब दो घंटे की बैठक में शामिल हुआ और इसके बाद मुख्यमंत्री के साथ बैठक हुई। इससे पहले 21 सितंबर को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मुंबई में रिलायंस समूह के चेयरमैन मुकेश अंबानी से मुलाकात की थी। नवान्न में हुई बैठक में बुनियादी ढांचा, बिजली एवं ऊर्जा, स्वास्थ्य क्षेत्र और सार्वजनिक-निजी भागीदारी के माध्यम से परियोजनाओं के विकास पर भी चर्चा हुई थी।
