सड़क पर गिरे होमगार्ड जवान के शरीर से गुजरे गए कई वाहन, मौत Dumka News
पौलुस सोरेन इन दिनों दुमका परिसदन में तैनात था। वह जामा थाना क्षेत्र के आमझार गांव में छाता मेला पर आयोजित फुटबाल मैच देखने के लिए गया था। पैदल ही वापस लौट रहा था। इसी दाैरान हादसे का शिकार हो गया।
जागरण संवाददाता, दुमका। जिले के जामा थाना क्षेत्र के फतेहपुर मार्ग में कमारदुधानी के पास शनिवार की देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से होमगार्ड जवान पौलुस सोरेन गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में कई वाहन के शरीर से गुजर जाने के कारण उसकी मौत हो गई। मृतक गोपीकांदर प्रखंड के धर्मपुर गांव का रहने वाला था। रविवार को मेडिकल कालेज अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव को स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया।
पौलुस सोरेन इन दिनों दुमका परिसदन में तैनात था। वह शनिवार को जामा थाना क्षेत्र के आमझार गांव में छाता मेला पर आयोजित फुटबाल मैच देखने के लिए गया था। वहां उसने जमकर शराब पी और पैदल ही वापस लौट रहा था। कमार दुधानी और मनका चक के बीच में पुल के पास अज्ञात बड़े वाहन उसे धक्का मार कर फरार हो गया। इस बीच पीछे से आ रहे कई वाहन उसे रौंदते हुए निकल गए। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई थी। कई वाहनों के पार हो जाने से शव क्षत विक्षत हो गया है।
घटना की जानकरी मिलने पर जामा थाना की पुलिस रात को ही मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लिया। रविवार की सुबह स्वजनों ने थाना जाकर शव की शिनाख्त की। जामा थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शराब के नशे में लौटने के दौरान ही किसी वाहन ने ठोकर मार दी। बाद में पीछे से आ रहे वाहनों ने कुचल दिया। धक्का मारने वाले वाहन की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।