GST Registration के नए नियम लागू, बैंक खातों का विवरण देना अनिवार्य
GST Registration नियमों में बदलाव किया गया है, जिसके तहत अब आवेदकों को अपने बैंक खातों का विवरण देना अनिवार्य होगा।

GST के तहत पंजीकरण के नियमों में बदलाव। (सांकेतिक फोटो)
जागरण संवाददाता, धनबाद। GST Registration New Rule: जीएसटी के तहत निबंधन या पंजीकरण के नियमों में बदलाव किया गया है। जीएसटी पोर्टल पर उपलब्ध रजिस्ट्रेशन-01 फार्म संशोधित कर जारी किया गया है।
अब पंजीकरण के लिए आवेदन करने वालों को अपने बैंक खातों का विवरण देना होगा। अधिकतम 10 खातों की जानकारी दी जा सकेगी।
आवेदन के समय विवरण उपलब्ध नहीं होने पर पंजीकरण प्रमाणपत्र जारी होने की तारीख से 30 दिनों के भीतर यह जानकारी देनी होगी।
व्यवसाय के स्वरूप, मुख्य और अतिरिक्त व्यावसायिक स्थानों तथा पंजीकरण से जुड़ी अन्य जानकारियों के लिए जरूरी दस्तावेजों को भी मानकीकृत किया गया है।
व्यवसाय के स्वरूप में वन पर्सन कंपनी (ओपीसी) को अलग श्रेणी के रूप में शामिल किया गया है। आवेदकों को अपने व्यवसाय के अनुसार संबंधित दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
इनमें Certificate of Incorporation (निगमन प्रमाणपत्र), पार्टनरशिप डीड, पंजीकरण प्रमाणपत्र या व्यवसाय के स्वरूप को साबित करने वाला अन्य वैध दस्तावेज शामिल हैं।
विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) यूनिट या एसईजेड डेवलपर के रूप में पंजीकरण चाहने वालों के लिए पोर्टल पर एसईजेड एंटिटी आइडी दर्ज करने का विकल्प जोड़ा गया है।
कर भुगतान के लिए उत्तरदायी ई-कामर्स आपरेटर के रूप में पंजीकरण चाहने वालों के लिए अलग सेक्शन बनाया गया है। आवेदकों को संबंधित राज्य या केंद्र शासित प्रदेश में अपनी भौतिक उपस्थिति और अधिकृत प्रतिनिधि का विवरण भी देना होगा।
संशोधित फार्म में जीएसटीआइएन, प्रोफेशनल टैक्स पंजीकरण नंबर और प्रोफेशनल टैक्स एनरोलमेंट नंबर समेत अन्य जानकारियां दर्ज करना जरूरी है।
व्यावसायिक परिसर के स्वामित्व या अधिकार के लिए अपनी संपत्ति, पूर्वज के नाम की संपत्ति, किराये या लीज पर ली गई संपत्ति, सहमति-आधारित संपत्ति, को-वर्किंग स्पेस और एसईजेड परिसर जैसी श्रेणियां तय की गई हैं।
हर श्रेणी के लिए जरूरी दस्तावेज भी स्पष्ट किए गए हैं। करदाताओं को सही श्रेणी चुनकर निर्धारित दस्तावेज जमा करने की सलाह दी गई है।
जीएसटी ने व्यावसायिक गतिविधियों की सूची में फैक्ट्री पंजीकरण का विवरण, अधिकृत आर्थिक आपरेटर, को-वर्किंग स्पेस, हेल्थ और फिटनेस क्लब, अचल संपत्ति को किराये या लीज पर देना और मोटर वाहनों, जलयानों या विमानों को किराये पर लेना या देना भी शामिल किया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।