Godda Young Talent: गोड्डा की बेटी ने बढ़ाया प्रदेश का मान; ऑनलाइन संगीत प्रतियोगिता में आई अव्वल
गोड्डा की बेटी माधवी मधुकर ने पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल किया है। देवघर की संस्था विवेकानंद शैक्षणिक सांस्कृतिक व क्रीड़ा संस्थान तथा योगमाया मानवोत्थान ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का परिणाम बीते 24 अगस्त को घोषित किया गया।
जागरण संवाददाता, गोड्डा: संस्कृत दिवस सप्ताह के मौके पर आयोजित ऑल इंडिया ऑनलाइन संस्कृत गीत प्रतियोगिता के ग्रुप बी में गोड्डा की बेटी माधवी मधुकर ने पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल किया है। देवघर की संस्था विवेकानंद शैक्षणिक, सांस्कृतिक व क्रीड़ा संस्थान तथा योगमाया मानवोत्थान ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का परिणाम बीते 24 अगस्त को घोषित किया गया। इसमें माधवी मधुकर के साथ दिल्ली की शिक्षिका शुभांगी तिवारी संयुक्त रूप से अव्वल घोषित की गईं। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक लाल बहादुर राहंगडाले और महिला कॉलेज की शिक्षिका वितस्था केशरी को संयुक्त रूप से दूसरा स्थान दिया गया है वहीं तीसरे स्थान पर नई दिल्ली डीएवी स्कूल की शिक्षिका नेहा जग्गी और देवघर के मधुपुर की निवासी अदिति कुमारी की जाेड़ी रही। आगामी 29 अगस्त को सभी विजयी प्रतिभागियों को राज्य की सांस्कृतिक राजधानी देवघर में पुरस्कृत किया जाएगा। यह जानकारी विवेकानंद संस्थान के अध्यक्ष डॉ प्रदीप कुमार सिंहदेव ने दी।
देश में संस्कृत दिवस सप्ताह पर आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाली गोड्डा की माधवी मधुकर ने बताया कि संस्कृत भाषा देववाणी है। यह वैज्ञानिक भाषा है। कहा कि संस्कृत में मानव जीवन के लिए उपयोगी चारों पुरुषार्थों का विवेचन समाहित है।
मौजूदा दौर में यह विलुप्ति के कगार पर पहुंच चुकी है। हमारी प्राचीन भाषा संस्कृत को एक नया उद्धारक चाहिए। संस्कृति का फलक बहुत विस्तृत है। अपनी मधुर गायकी से माधवी इसे घर-घर तक पहुंचाने का बीड़ा उठाया है। माधवी मधुकर ने बताया कि अधिकांश लोग गायकी का मतलब केवल बॉलीवुड़ के गानों को समझते हैं। लेकिन ऐसी बात नहीं है। माधवी ने अपनी मनमोहक गायकी से संस्कृत भाषा का पुनरुत्थान शुरू की है। वर्ष 2019 में स्त्रोतम गायन की शुरूआत की थी। 2020 में जन्माष्टमी पर इनकी गायकी को लोगों ने खूब सराहा। कृष्णाष्टकम स्तोत्रम फेसबुक पर वायरल हुआ तो करीब पांच करोड़ लोगों ने इसे सुना। माधवी को स्तोत्रम गाने के लिए गोवर्धन मठ के पीठाधीश्वर शंकरचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती ने प्रेरित किया था।
अभी हाल ही में माधवी को यू ट्यूब ने सिल्वर बटन प्रदान किया है। गोड्डा को अपनी इस बेटी पर गर्व है जो अपनी गायकी से संस्कृत, संस्कृति और सभ्यता को पुनर्स्थापित कर रही हैं ।