पारसनाथ की पहाड़ियों से बाहर निकला तो मारा जाएगा 15 लाख का इनामी माओवादी, गिरिडीह पुलिस ने बनाया प्लान
Giridih Maoist News नक्सली जोनल कमांडर कृष्णा हांसदा व उसका दस्ता जनवरी से पारसनाथ जोन में है। रेल लाइन पुल व मोबाइल टावर उड़ाकर पुलिस की इसने नींद उड़ा दी है। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने इसके आठ साथियों को हाल के दिनों में दबोचा है।

प्रमोद चौधरी, गिरिडीह। 15 लाख के इनामी नक्सली जोनल कमांडर कृष्णा हांसदा व उसका दस्ता जनवरी से पारसनाथ जोन में है। रेल लाइन, पुल व मोबाइल टावर उड़ाकर पुलिस की इसने नींद उड़ा दी है। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने इसके आठ साथियों को हाल के दिनों में दबोचा है। पुलिस अब दस्ते की घेराबंदी कर यह रणनीति बना रही कि वह पारसनाथ से बाहर नहीं निकल सके। पुलिस की कोशिश है कि वह सरेंडर करे नहीं तो उसे मुठभेड़ में मार दिया जाएगा। तीन दिनों में गिरिडीह एसपी अमित रेणु व एएसपी अभियान गुलशन तिर्की कृष्णा के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रहे हैं। सर्च आपरेशन जारी है।
प्रतिरोध दिवस पर गिरिडीह पुलिस को दी चुनौती
दरअसल, प्रतिरोध दिवस व बिहार झारखंड बंद के दौरान नक्सलियों ने गिरिडीह में काफी उत्पात किया। सो पुलिस के साथ सीआरपीएफ ने मिलकर संयुक्त आपरेशन चलाया। उसका लाभ ये मिला कि उसके आठ साथी पकड़े गए, मगर कृष्णा हाथ नहीं आया।
बौखला गए हैं माओवादी
गिरिडीह के पारसनाथ से निकलकर जा रहे भाकपा माओवादी के शीर्ष नेता प्रशांत बोस व उनकी पत्नी शीला पिछले साल गिरफ्तार हो चुकी हैं। बौखलाए कृष्णा के दस्ते ने प्रतिशोध दिवस मना उत्पात किया। इधर सूत्रों का कहना है कि इनकी मदद को हार्डकोर अजय दा का भी दस्ता पहुंच गया है।
कटी की गिरफ्तारी से मिली हैं कई सूचनाएं
गिरिडीह पुलिस ने कृष्णा के संदेशवाहक कटी को भी पकड़ा था। उससे कई जानकारियां मिली हैं। उनके आधार पर छापेमारी चल रही है। कटी का पुत्र रूपलाल पहले पकड़ाया था। उसने ही विस्फोटक दस्ते को दिया था।
कृष्णा संभाले है पारसनाथ की कमान
एक करोड़ के इनामी नक्सली अनल दा व 25 लाख के इनामी अजय महतो के गिरिडीह से जाने के बाद यहां संगठन कमजोर हुआ। नुनूचांद ने भी हथियार डाल दिए। अब संगठन का पूरा भार यहां कृष्णा के कंधों पर है। लेवी में वह रिकार्ड वसूली कर संगठन को मजबूत कर रहा है। डेढ़ वर्ष पूर्व पारसनाथ में सीआरपीएफ शिविर पर भी दस्ते ने हमला किया।
नक्सलियों की तलाश में सर्च आपरेशन चल रहा है। नक्सली मुख्य धारा में वापस लौटें। सरेंडर नहीं करेंगे तो पुलिस की गोली खाने को तैयार रहें। पुलिस व सीआरपीएफ ने आठ नक्सलियों को पकड़ा है। कृष्णा छापेमारी में पकड़ा नहीं जा सका है, मगर हम जल्द बड़ी सफलता पाएंगे।
-अमित रेणु, एसपी, गिरिडीह।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।