Gangs of Wasseypur: अब खुद के बुने जाल में फंसेगा गैंगस्टर प्रिंस खान, दबोचने के लिए पुलिस ने बनाई खास रणनीति
Gangs of Wasseypur धनबाद के लिए नासूर बने गैंगस्टर प्रिंस खान को पकड़ने के लिए झारखंड पुलिस खास रणनीति पर काम कर रही है। झारखंड एटीएस को उसके साऊदी अरब में होने की जानकारी मिली है। पुलिस का कहना है कि वह जल्द ही जेल की सलाखों के पीछे होगा।

जागरण संवाददाता, धनबाद। Gangs of Wasseypur : धनबाद की जनता के लिए नासूर बने गैंगस्टर प्रिंस खान को पकड़ने के लिए धनबाद पुलिस खास रणनीति पर काम कर रही है। गैंगस्टर प्रिंस खान आए दिन फिरौती के लिए लोगों के घरों को के सामने फायरिंग कराता है। यही नहीं लोगों को जान से मरवाना उसके लिए बांए हाथ का खेल है।
अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है प्रिंस खान
वह न सिर्फ लोगों के घरों के सामने और लोगों पर फायरिंग करवाता बल्कि सोशल मीडिया के जरिए इन हमलों की जिम्मेदारी भी लेता है। लेकिन अभी तक पुलिस उसके कुछ गुर्गों को पकड़ने के अलावा कोई ठोस कदम नहीं उठा पाई है, जिससे कि उसके अपराध पर लगाम लगाई जा सके।
खुद को हाईलाइट करने करने के लिए सोशल मीडिया का ले रहा सहारा
प्रिंस खान को लेकर पुलिस की अभी भी वही पुरानी धारणा है। पुलिस उसे एक भगोड़ा अपराधी मान रही है। जिले के एक सीनियर पुलिस अधिकारी का कहना है कि प्रिंस खान सोशल मीडिया का सहारा लेकर खुद को हाईलाइट करने की कोशिश काफी दिनों से कर रहा है। हालांकि धनबाद पुलिस के सामने उसकी औकात मामूली अपराधी की ही है। प्रिंस देश के किसी भी हिस्से में छुप जाए, पुलिस उसे ढूंढ़ निकालेगी।
पुलिस अधिकारी बोले, 12 रुपये का भी नहीं घोषित करेंगे इनाम
पुलिस अधिकारी ने कहा कि उसे ढूंढ़ने के लिए धनबाद पुलिस 12 रुपये का भी इनाम नहीं घोषित करेगी। वह अपनी हरकत कारण ही जल्द पकड़ा जाएगा। प्रिंस खान किसी को क्या डराएगा, वह खुद काफी डरा हुआ है और महीनों से भागा-भागा फिर रहा है।
एक-एक कर प्रिंस के गुर्गों को भेजा जा रहा जेल
सीनियर अधिकारी का कहना है कि इंटरनेट के जमाने में किसी को धमकी भरा मैसेज भेजकर कोई किसी को डरा नहीं सकता है। प्रिंस के गुर्गों को एक-एक कर जेल भेजा जा रहा है। अब उसकी बारी भी आ चुकी है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने सभी संभावित जगहों पर जाल बिछा रखा है। वह जल्द ही वह पुलिस की गिरफ्त में होगा।
प्रिंस के साऊदी अरब में होने की मिली जानकारी
बता दें कि प्रिंस खान के साऊदी में रहने की जानकारी झारखंड एटीएस को मिली है। पुलिस उसे साऊदी से पकड़ने की रणनीति भी बना चुकी है। पुलिस अब उस रणनीति को धरातल पर उतारने पर काम कर रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।