फैटी लीवर से बढ़ता डायबिटीज का खतरा, पेट की बढ़ती चर्बी को न करें नजरअंदाज
Fatty Liver Increases Diabetes Risk: डा. एनके सिंह ने बताया कि फैटी लीवर से मधुमेह का खतरा काफी बढ़ जाता है और खानपान पर नियंत्रण जरूरी है।

मधुमेह पर आरएसएसडीआई की रिसर्च की जानकारी देते डा. एन सिंह और साथ में डा. लीना सिंह। (फोटो जागरण)
जागरण संवाददाता, धनबाद। Fatty Liver Risk: फैटी लीवर की समस्या से जूझ रहे लोगों में मधुमेह (डायबिटीज) होने की आशंका काफी अधिक होती है। पेट के आसपास जमा होने वाली चर्बी धीरे-धीरे पैंक्रियाज (अग्नाशय) तक पहुंच जाती है, जिससे शरीर में इंसुलिन बनने की प्रक्रिया प्रभावित होती है या बना हुआ इंसुलिन अपना सही असर नहीं दिखा पाता।
इसलिए मोटापा और बढ़ती तोंद को नजरअंदाज न कर तुरंत सतर्क होने की आवश्यकता है। यह महत्वपूर्ण बातें रिसर्च सोसाइटी फार द स्टडी आफ डायबिटीज इन इंडिया (
के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, डायबिटीज एंड हार्ट रिसर्च सेंटर (डीएचआरसी) के निदेशक एवं सीएमई इंडिया के संस्थापक मधुमेह रोग विशेषज्ञ डा. एनके सिंह ने कहीं।
वह बुधवार को रांगाटांड़ स्थित डीएचआरसी कार्यालय में धनबाद एक्शन ग्रुप, डीएचआरसी और ग्रीन टी विद सीएमई इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। डा. सिंह ने मधुमेह चिकित्सा और अनुसंधान में हो रहे आधुनिक बदलावों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि अब उपचार केवल ब्लड शुगर नियंत्रण (Diabetes Risk) तक सीमित नहीं है, बल्कि हृदय, किडनी, मोटापा और संपूर्ण मेटाबालिक स्वास्थ्य की सुरक्षा पर केंद्रित है। इसके लिए जीएलपी-एक (डीएलपी-एक ) आधारित उपचार, एसजीएलटी-दो (एसजीएलटी दो) इनहिबिटर्स और आधुनिक ग्लूकोज मानिटरिंग जैसी नई तकनीकों का उपयोग बढ़ रहा है।
शरीर के साथ मन पर भी होगी परिचर्चा
डा. सिंह ने कहा कि ग्रीन टी विद सीएमई इंडिया यूट्यूब अभियान के माध्यम से आम लोगों को हिंदी में वैज्ञानिक जानकारी देकर खानपान और बीमारियों से जुड़े भ्रम दूर किए जा रहे हैं। साथ ही, उन्होंने आगामी 18 से 20 दिसंबर 2026 तक ऋषिकेश में आयोजित होने वाले विशेष सम्मेलन 'विजडम 2026' की जानकारी भी दी।
डा. सिंह स्वयं इस सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे, जहां पहली बार आधुनिक चिकित्सा विज्ञान के साथ योग, ध्यान, अध्यात्म और भारतीय ज्ञान परंपरा को जोड़कर शरीर व मन के स्वास्थ्य पर वैज्ञानिक विमर्श होगा।
धनबाद से विज्ञान, और विज्ञान से विश्व तक हमारा संकल्प
डा. सिंह ने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल इलाज करना नहीं, बल्कि समाज की सोच बदलना है। हम चाहते हैं कि धनबाद की पहचान केवल कोयला नगरी के रूप में नहीं, बल्कि चिकित्सा अनुसंधान और वैज्ञानिक नवाचार के एक वैश्विक केंद्र के रूप में भी बने।
हमारा संकल्प धनबाद से विज्ञान, और विज्ञान से विश्व तक का है। इस अवसर पर डीएचआरसी की डा. लीना सिंह और धनबाद एक्शन ग्रुप के सचिव धीरज भी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- धनबाद छठ पूजा: घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव
यह भी पढ़ें- धनबाद के सरकारी स्कूलों के 64,675 विद्यार्थियों को मिलेगी मुफ्त स्टूडेंट डायरी, सत्र 2026-27 से होगी शुरुआत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।