विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद छठ पूजा: घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव

Published: Thu, 12 Nov 2026 06:14 AM (IST)

Dhanbad Chhath Puja Traffic Route Changes: धनबाद पुलिस ने लोक आस्था के महापर्व छठ के लिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं।

धैया स्थित रानी तालाब। (फाइल फोटो)

धैया स्थित रानी तालाब। (फाइल फोटो)

जागरण संवाददाता, धनबाद। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर धनबाद पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर बुधवार को डीएसपी विधि व्यवस्था प्रकाश सोय और डीएसपी सीसीआर प्रदीप साव ने शहर के छह प्रमुख छठ घाटों एवं तालाबों का निरीक्षण किया।

एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर अधिकारियों ने घाटों की स्थिति, जलस्तर, रोशनी, श्रद्धालुओं की आवाजाही और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान बेकारबांध, रानीबांध, पप्पू तालाब, बरमसिया तालाब, मनईटांड़ तालाब और नई दिल्ली कालोनी तालाब की स्थिति देखी गई। अधिकारियों ने गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां चेतावनी बोर्ड लगाने और सुरक्षित गहराई तक बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया।

घाटों पर पर्याप्त रोशनी के साथ पुलिस बल और गोताखोरों की तैनाती भी की जाएगी, ताकि अर्घ्य के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। वहीं सरायढेला थाना प्रभारी मनजीत सिंह ने भी कार्मिक नगर, सूर्यदेव नगर, वृंदावन छठ घाट का निरीक्षण कर वहां की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। तत्पश्चात व्यवस्था दुरुस्त करने की उपाय में जुटी है।

ट्रैफिक व्यवस्था में होगा बदलाव 

महापर्व छठ को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर काफी बदलाव होगा। रानीबांध तालाब के पास सड़क की एक लेन पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा।

वहीं, बेकारबांध तालाब को लेकर सिटी सेंटर से पूजा टाकीज के बीच सभी छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। सिटी सेंटर से आनेवाले वाहनों को रणधीर वर्मा चौक होकर निकाला जाएगा, जबकि पूजा टाकीज से वाहनों को डीआरएम चौक की ओर मोड़ा जाएगा।

पप्पू तालाब जानेवाले रास्ते में वाच एंड वार्ड कालोनी से रेलवे अस्पताल तक तथा मनईटांड़ मार्ग पर राजेंद्र साव पेट्रोल पंप से गोल बिल्डिंग तक नो-इंट्री लागू रहेगी।

निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक थाना प्रभारी जय प्रकाश, धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली, सार्जेंट प्रवीण कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद थे। पुलिस ने श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने और छठ पूजा के दौरान पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।छठ घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, छह तालाबों का डीएसपी ने किया निरीक्षण

दोनों अर्घ्य पर बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था

छठ के पहले और दूसरे अर्घ्य के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

ट्रैफिक थाना प्रभारी जय प्रकाश के अनुसार, 15 नवंबर को पहले अर्घ्य के दिन दोपहर 12 बजे से रात नौ बजे तक और 16 नवंबर को दूसरे अर्घ्य के दिन रात दो बजे से सुबह नौ बजे तक कई मार्गों पर नो-इंट्री रहेगी।

इस दौरान यात्री बसों और भारी मालवाहक वाहनों को मेमको मोड़ पर ही रोक दिया जाएगा, ताकि वे धैया की ओर नहीं जा सकें।

यह भी पढ़ें- धनबाद के सरकारी स्कूलों के 64,675 विद्यार्थियों को मिलेगी मुफ्त स्टूडेंट डायरी, सत्र 2026-27 से होगी शुरुआत

यह भी पढ़ें- बंगाल की खाड़ी में फिर चक्रवात की आहट, अर्णब-मुरासु के बाद संभावित तूफान का नाम होगा अकवान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।