बंगाल की खाड़ी में फिर चक्रवात की आहट, अर्णब-मुरासु के बाद संभावित तूफान का नाम होगा अकवान
Cyclone Akwan: बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से एक और चक्रवात 'अकवान' की संभावना है, जो डिप्रेशन में बदल सकता है।

बंगाल की खाड़ी में बदल रहा मौसम का मिजाज। (एआइ फोटो)
HighLights
बंगाल की खाड़ी में नया कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है।
तीसरे संभावित चक्रवात का नाम ईरान द्वारा 'अकवान' होगा।
झारखंड के धनबाद सहित कई हिस्सों में बारिश की संभावना।
जागरण संवाददाता, धनबाद। बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने की संभावना जताई जा रही है। समुद्र में कम दबाव का क्षेत्र बनने के संकेत मिल रहे हैं, जिसके धीरे-धीरे मजबूत होने की आशंका है।
मौसम के विभिन्न मॉडलों के अनुसार, यह सिस्टम डिप्रेशन में बदल सकता है। हालांकि, इसके चक्रवाती तूफान का रूप लेने और संभावित दिशा को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
अर्णब और मुरासु के बाद संभावित तीसरे चक्रवात को लेकर निगरानी शुरू हो गई है। चक्रवात के नामकरण की बारी ईरान की है। बंगाल की खाड़ी में तीसरे चक्रवात की उत्पत्ति हुई तो उसका नाम अकवान होगा।
हालांकि, इसके संभावित प्रभाव को लेकर अभी स्पष्ट तस्वीर सामने नहीं आई है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, समुद्र की अनुकूल परिस्थितियां और पर्याप्त तापमान इस सिस्टम को मजबूती दे सकते हैं।
इस मौसमी सिस्टम का असर झारखंड में भी देखने को मिल सकता है। जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो समेत राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
हालांकि, फिलहाल राज्य में भारी बारिश या तेज हवाओं को लेकर कोई स्पष्ट चेतावनी नहीं है। मौसम विभाग की नजर बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे सिस्टम पर बनी हुई है। आने वाले दिनों में इसकी दिशा और तीव्रता के आधार पर झारखंड के मौसम को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।