निरसा में ओल की खेती कर लाल हो रहे किसान
जागरण संवाददाता मैथन/ निरसा औषधीय गुणों से भरपूर ओल पहले घरों के आसपास की जमीन में ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, मैथन/ निरसा : औषधीय गुणों से भरपूर ओल पहले घरों के आसपास की जमीन में उगाया जाता था, लेकिन अब ओल की व्यवसायिक खेती होने लगी है। निरसा प्रखंड के तीन किसानों ने ओल की व्यवसायिक खेती की शुरुआत की है। दो वर्ष सबसे पहले सिजुआ पंचायत स्थित मुरुंगडुगरी के किसान पानु मुर्मू ने बेटे प्रकाश मुर्मू के साथ अपने घर के बगल में पांच डिसमिल जमीन पर ओल की खेती शुरू की थी। पानु मुर्मू से प्रभावित होकर पिछले साल सिजुआ पंचायत के कृषक मित्र रमेशचंद्र महतो और नरेश तुरी ने एक-एक एकड़ जमीन पर ओल की खेती की शुरुआत की। पानु मुर्मू ने बताया कि ओल की खेती काफी फायदेमंद है। एमपीएल द्वारा वर्ष 2019 में उन्हें ओल की खेती के लिए बिचड़े की व्यवस्था कराई थी। इसके बाद उन्होंने ओल की खेती शुरू की। मार्च माह में ओल को लगाया है जो अगस्त माह के अंत तक तैयार हो जाएगा। कम से कम आठ से 12 क्विटल ओल होने की उम्मीद है इससे 35 से 40 हजार रुपए की आमदनी हो जाएगी। रमेश चंद्र महतो का कहना है कि उन्होंने पिछले वर्ष ओल के कंद को खेत से नहीं निकाला। इस साल फसल लेंगे। इससे एक कंद कम से कम से 8 से 10 किलो का हो जाएगा और ज्यादा मुनाफा कमा सकेंगे। किसानों ने बताया कि निरसा प्रखंड में ओल की खेती नहीं होती थी। उनलोगों ने इसकी खेती शुरू की है। फसल काफी अच्छा है और पूर्ण विश्वास है कि हम लोगों को अच्छी-खासी आमदनी हो जाएगी।
औषधीय गुणों से भरपूर होता ओल :
ओल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी सब्जी है। इसमें कैलोरी काफी मात्रा में होती है। ओल में कार्बोहाइड्रेट और घुलनशील फाइबर पर्याप्त मात्रा में पाया जाता है। साथ ही इसमें विटामिन बी6 व विटामिन बी1 राइबोफ्लेविन, फोलिक एसिड, नियासिन आदि पोषक तत्व भी पाए जाते हैं। ओल में एंटीऑक्सीडेंट भरपूर होते हैं इसलिए यह बीमारियों से रक्षा करने में अत्यंत उपयोगी होता है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।