विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोल इंडिया की कंपनी ECL में VRS ले सकेंगे कर्मचारी, 1 दिसंबर से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया  

Published: Mon, 16 Nov 2026 06:09 PM (IST)

ईसीएल ने 45 वर्ष या उससे अधिक उम्र के गैर-अधिकारी स्थायी कर्मचारियों के लिए स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति योजना (वीआरएस)-2026 लागू की है।

एआई से बनाई गई तस्वीर

एआई से बनाई गई तस्वीर

HighLights

  1. 45 वर्ष से अधिक उम्र के कर्मचारियों के लिए वीआरएस।

  2. आवेदन 1 दिसंबर 2023 से 31 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन।

  3. कुछ श्रेणियों के कर्मचारी योजना के लिए अपात्र होंगे।

आशीष अंबष्ठ, धनबाद। कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) ने अपने गैर-अधिकारी संवर्ग के स्थायी कर्मचारियों के लिए स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति योजना (वीआरएस)-2026 लागू कर दी है। इसके तहत 45 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पात्र कर्मचारी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन कर सकेंगे।

कंपनी प्रबंधन की ओर से 16 नवंबर (सोमवार) को जारी अधिसूचना के अनुसार ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया एक दिसंबर से शुरू होकर 31 दिसंबर 2026 तक चलेगी। आवेदन ईसीएल के निर्धारित वीआरएस पोर्टल के माध्यम से करना होगा।

योजना की शर्तें

योजना का लाभ ईसीएल के स्थायी वेतनमान पर कार्यरत गैर-अधिकारी कर्मचारियों को मिलेगा। आवेदन की तिथि पर कर्मचारी की उम्र कम से कम 45 वर्ष होनी चाहिए। हालांकि, सभी कर्मचारियों को इस योजना में शामिल होने का अवसर नहीं मिलेगा।

जिन कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय या सतर्कता संबंधी कार्रवाई लंबित है अथवा जो बंधपत्र के तहत सेवा दे रहे हैं, वे आवेदन के पात्र नहीं होंगे।

इसके अलावा कंपनी के महत्वपूर्ण परिचालन हित में आवश्यक घोषित कर्मचारियों को भी योजना से बाहर रखा गया है।

इन संवर्गों को नहीं मिलेगा लाभ अधिसूचना के अनुसार, खनन पर्यवेक्षकीय कर्मियों, सर्वेयर, लेखाकार, फार्मासिस्ट, विद्युत पर्यवेक्षक, नर्सिंग स्टाफ और सुरक्षा निरीक्षकों को वीआरएस का लाभ नहीं मिलेगा।

हर पूर्ण सेवा वर्ष पर 35 दिनों का वेतन योजना के तहत कर्मचारियों को एकमुश्त अनुग्रह राशि (एक्सग्रेशिया) दी जाएगी। इसकी गणना प्रत्येक पूर्ण सेवा वर्ष के लिए 35 दिनों के वेतन (मूल वेतन एवं महंगाई भत्ता) के आधार पर होगी।

इसके अतिरिक्त सामान्य सेवानिवृत्ति की निर्धारित उम्र 60 वर्ष तक बची सेवा के प्रत्येक वर्ष के लिए 25 दिनों का वेतन भी दिया जाएगा। हालांकि, शेष सेवा अवधि अथवा 60 वर्ष की उम्र तक की अवधि में जो कम होगी, उसी के आधार पर गणना की जाएगी। वेतन की गणना 30 दिनों के महीने के आधार पर होगी।

वेतन पुनरीक्षण के कारण कोई बकाया राशि देय नहीं होगी। इसके अलावा कर्मचारियों को भविष्य निधि की जमा राशि, ग्रेच्युटी, अर्जित अवकाश के नकदीकरण, एनसीडब्ल्यूए के प्रावधानों के अनुसार अन्य देय लाभ, जहां लागू हो वहां पेंशन और सेवानिवृत्ति के बाद चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा।

कंपनी के आवास में रहने वाले कर्मचारियों को नियमानुसार आवास खाली करने की शर्त भी पूरी करनी होगी। मिलने वाले लाभ पर आयकर अधिनियम के प्रावधान लागू होंगे।

'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर होगा चयन

प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि आवेदन जमा करने मात्र से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का अधिकार नहीं मिलेगा। आवेदनों की स्वीकृति निदेशक (मानव संसाधन), ईसीएल के विवेकाधिकार पर 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर होगी।

एक बार आवेदन स्वीकार हो जाने के बाद कर्मचारी का विकल्प अंतिम और अपरिवर्तनीय होगा। प्रबंधन ने किसी भी स्तर पर योजना वापस लेने का अधिकार भी सुरक्षित रखा है।

ईसीएल प्रबंधन ने सभी क्षेत्रीय महाप्रबंधकों और विभागाध्यक्षों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया है। वहीं, कंपनी के सिस्टम विभाग को एक से 31 दिसंबर तक ऑनलाइन वीआरएस पोर्टल सक्रिय रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें- अमेरिका में गूंजा 'कांचे ही बांस के बहंगिया', बेटे-बहू के पहले छठ के लिए धनबाद से अकेले कोलंबिया पहुंच गई मां

यह भी पढ़ें- '2 दिन में लेवी दो, वरना...', पश्चिमी सिंहभूम में PLFI की दहशत, दिनदहाड़े ग्रेडर पर छिड़का पेट्रोल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।