Dhanbad Weather: झारखंड की ओर खिसक रहा मानसून ट्रफ, कई जिलों में आज वज्रपात के साथ होगी भारी बारिश
बुधवार को दिन भर उमस भरी गर्मी रही। धूप ने खूब तेवर दिखाए। दोपहर में तीखी धूप रही। इसने भीषण गर्मी का एहसास कराया पर शाम से मौसम बदल गया। बारिश नहीं हुई पर आसमान में बादल छा गए। देर रात मौसम ने पूरी तरह रंग बदल लिया।

जागरण संवाददाता, धनबाद: बुधवार को दिन भर उमस भरी गर्मी रही। धूप ने भी खूब तेवर दिखाए। दोपहर में तीखी धूप रही। झुलसाने वाली धूप ने भीषण गर्मी का एहसास कराया, पर शाम से मौसम बदल गया। बारिश नहीं हुई, पर आसमान में बादल छा गए। देर रात मौसम ने पूरी तरह रंग बदल लिया। आसमान में पूरी रात बादलों की धमा-चौकड़ी मची रही। उस पर ठंडी हवाएं गर्मी से राहत देती रही।
आसमान में तेजी से बढ़ते बादल गुरुवार को बारिश का संकेत दे रहे हैं। मौसम विभाग ने भी 14 जुलाई को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई है। कहीं-कहीं गर्जन और वज्रपात का भी अनुमान है। 14 से 16 जुलाई के दौरान हल्के से मध्यम दर्जे की ही बारिश की संभावना जताई गई है। पर 17 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में वज्रपात और मेघ गर्जन के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। खास तौर पर झारखंड के उत्तर पूर्वी और दक्षिण पूर्वी हिस्सों में कई जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है। राज्य के उत्तर पूर्वी जिलों में धनबाद के साथ जामताड़ा, गिरिडीह, देवघर दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जैसे जिले हैं। इन जिलों में 17 जुलाई को कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। मौसम में बदलाव का कारण झारखंड की ओर बढ़ रहा मानसून ट्रफ है। ट्रफ लाइन अभी राजस्थान से छत्तीसगढ़ होकर गुजर रहा है। इसके एक-दो दिनों में झारखंड की ओर खिसकने की संभावना जताई जा रही है। ट्रफ लाइन के झारखंड की ओर खिसकते ही यहां तेज बारिश शुरू होगी।
17 जुलाई से दिन के तापमान में भी कमी आने के संकेत
मौसम विभाग ने 17 जुलाई को जहां राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है वहीं तापमान में भी गिरावट आने के संकेत दिए हैं। वर्तमान में दिन का तापमान 36 डिग्री के आसपास है। 17 जुलाई से इसमें 4 से 5 डिग्री तक की गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग में जो आंकड़े जारी किए हैं। उसके मुताबिक 17 जुलाई से धनबाद का दिन का तापमान 32 डिग्री के आसपास रहेगा। रात के तापमान में भी एक से दो डिग्री की गिरावट हो सकती है। अभी रात का तापमान 26 डिग्री पर है। 17 जुलाई से रात का तापमान 24 से 25 डिग्री के बीच रह सकता है।
मानसून अब भी कमजोर 38 फीसद कम बारिश
पूरे राज्य में मानसून अब भी कमजोर है। धनबाद की बात करें तो यहां एक जून से 13 जुलाई तक के मानसून अवधि के दौरान सामान्य से 38 फीसद कम बारिश हुई है। राज्य के ज्यादातर जिलों में मानसूनी बारिश का यही हाल है। धनबाद से सटे बोकारो, गिरिडीह, जामताड़ा समेत अन्य जिलों में भी सामान्य से कम बारिश हुई है। सावन में भी मानसून के कमजोर रहने की ही संभावना जताई जा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।