झारखंड में तेजी से गिर रहा पारा, छठ पर कैसा रहेगा धनबाद का हाल? IMD ने बताया, सुबह के अर्घ्य के समय कैसा रहेगा आसमान
Jharkhand Weather Forecast: माैसम विभाग ने नवंबर में ही कड़ाके की सर्दी और बंगाल की खाड़ी में चक्रवात की संभावना जताई है, हालांकि छठ के दौरान बारिश नहीं होगी।

Chhath Puja Weather: धनबाद में सुबह के अर्घ्य के समय आसमान रहेगा साफ। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
तापमान में गिरावट, छठ पर ठंड बढ़ने के आसार।
नवंबर में ही कड़ाके की सर्दी पड़ने की संभावना।
छठ के दौरान कोयलांचल में बारिश नहीं होगी।
जागरण संवाददाता, धनबाद। Chhath Puja 2026 Weather: बादलों की आवाजाही के बीच बुधवार की देर रात शहर के कई हिस्से में बारिश हुई। कहीं हल्की फुहारें तो कहीं तेज बौछारें पड़ी। गुरुवार की सुबह से आंशिक बादल छाए रहे।
सुबह के अर्घ्य के समय आसमान रहेगा साफ
बादलों की आवाजाही की गतिविधि अगले कई दिनों तक जारी रहने की संभावना है। इस बीच शुक्रवार से शहर के तापमान में गिरावट के आसार हैं। छठ पर्व पर तापमान गिर सकता है। ऐसे में व्रतियों को सुबह के अर्घ्य के समय घाट पर जाते समय गर्म कपड़े लेकर जाना चाहिए।
शुक्रवार 13 नवंबर को न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। तापमान में गिरावट का दौर जारी रहने का अनुमान है। अगले सप्ताह इसमें एक डिग्री की और गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग से जारी अगले पखवाड़े के पूर्वानुमान में तापमान में भारी गिरावट की संभावना जताई गई है। राज्य के अलग-अलग हिस्से में 13 से 19 नवंबर के बीच न्यूनतम तापमान 11 से 19 डिग्री तो 20 से 26 नवंबर के दौरान नौ से 15 डिग्री के बीच रहने का अनुमान जताया गया है। यानी नवंबर में ही कड़ाके की सर्दी पड़ सकती है।
कोयलांचल में बारिश की संभावना बेहद कम
छठ महापर्व के दौरान धनबाद, बोकारो, गिरिडीह और जामताड़ा में मौसम अनुकूल रहने का अनुमान है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 15 नवंबर को शाम के अर्घ्य और 16 नवंबर को सुबह के अर्घ्य के समय आसमान मुख्यतः साफ रहेगा।
चारों जिलों में बारिश की संभावना बेहद कम है। दिन में अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
हालांकि, सुबह के समय हल्की ठंड और धुंध महसूस हो सकती है। ऐसे में व्रतियों को सुबह घाटों पर जाते समय हल्के गर्म कपड़े रखने की सलाह दी जाती है।
बंगाल की खाड़ी के चक्रवात का अगले सप्ताह असर दिखने के आसार
बंगाल की खाड़ी में शुक्रवार से निम्न दाब के सक्रिय होने की संभावना है। रविवार तक निम्न दाब तीव्र होकर डिप्रेशन में तब्दील हो सकता है। चक्रवात के बादलों की आवाजाही शनिवार से शुरू हो सकती है।
इसके असर से 18 नवंबर तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। चक्रवात के धनबाद या राज्य के अन्य हिस्से में असर को लेकर एक-दो दिनों में स्थिति स्पष्ट होने के आसार हैं। फिलहाल आंधी-बारिश को लेकर पूर्वानुमान जारी नहीं किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।